ओडिशा के मुख्यमंत्री बोले, हम NRC के समर्थन में नहीं, हमने CAB को वोट दिया
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन बिल को ओडिशा की बीजू जनता दल ने अपना समर्थन दिया था, लेकिन इस बिल को समर्थन देने के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री और बीजेडी के मुखिया नवीन पटनायक ने बड़ा बयान दिया है। नवीन पटनायक ने कहा कि उकी पार्टी बीजू जनता दल ने एनआरसी का समर्थन नहीं किया है। हमारी पार्टी ने नागरिकता संशोधन बिल का संसद में समर्थन किया था। नागरिकता संशोधन एक्ट का भारतीय नागरिकों से कोई लेना देना नहीं है। पटनायक ने कहा कि यह कानून सिर्फ विदेशी नागरिकों के लिए है, बीजू जनता दल के सांसदों ने लोकसभा और राज्यसभा दोनों ही जगह पर साफ किया है कि हम एनआरसी का समर्थन नहीं करते हैं।

नवीन पटनायक ने यह बयान आज दिल्ली में दिया। उनका बयान ऐसे समय में आया है जब लोगों ने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ भुवनेश्वर में मंगलवार को रैली निकाली। लोगों ने रैली में मुख्यमंत्री से अपील की कि वह नागरिकता संशोधन एक्ट और एनआरसी दोनों पर अपना अपना रुख साफ करें। बता दें कि नागरिकता संशोधन एक्ट के लागू होने के बाद अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश के शरणार्थियों को भारत में नागरिकता देने का प्रावधान है, बशर्ते ये लोग हिंदू, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन और पारसी धर्म के हों और इनका उनके देश में धर्म के आधार पर शोषण हुआ हो।
इस कानून के तहत जो लोग 31 दिसंबर 2014 से भारत में हैं उन्हें भारत की नागरिकता प्रदान की जाएगी। इस कानून के पास होने के बाद लोग इसका भारी विरोध कर रहे हैं। तमाम राजनीतिक दल, सामाजिक संगठन भी इस कानून का विरोध कर रहे हैं। आलम यह है कि पूर्वोत्तर राज्यों के अलावा दिल्ली, यूपी सहित कई राज्यों में इस कानून के खिलाफ उग्र प्रदर्शन हुआ। दिल्ली में प्रदर्शन उग्र होने की वजह से काफी संपत्ति को नुकसान हुआ और कई लोग घायल हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications