बिजनौर कांड: जजों को भी जान बचाकर भागना पड़ रहा है: अखिलेश यादव
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में जिस तरह से कोर्ट के भीतर हत्या के आरोपी की गोली मारकर हत्या कर दी गई, उसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए लिखा कि जिस तरह से कोर्ट में पेशी के लिए आए आरोपियों को जज के सामने सरेआम मार दिया गया उसने यह साबित कर दिया है कि प्रदेश की एनकाउंटर वाली सरकार का बदमाशों पर कितना प्रभाव है। उन्होंने कहा कि माननीय न्यायाधीशों को भी जान बचाकर भागना पड़ रहा है, ऐसे में आम नागरिकों की सुरक्षा की बात करना बेमानी है।

लोगों को गुमराह कर रही भाजपा सरकार
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की रणनीति लोगों को बेवजह के मुद्दों में उलझाने की है, वह देश में संविधान के खिलाफ साजिश रच रही है। भाजपा लोगों को गुमराह कर रही है। लेकिन भाजपा के अब कुछ ही दिन बचे हैं, देश के लोग भाजपा सरकार के अन्याय को बर्दाश्त करने के लिए कतई तैयार नहीं हैं। बता दें कि मंगलवार को बिजनौर में हत्या आरोपी जब कोर्ट में पेशी के लिए आया था तो तीन लोगों ने कोर्ट रूम में आरोपी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस दौरान एक कोर्ट का कर्मचारी और पुलिसकर्मी घायल हो गया था। हालांकि तीनों ही आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
डीजीपी सक्रिय
इस हत्याकांड के बाद डीजीपी मुख्यालय सक्रिय हो गया है और डीजीपी ओम प्रकाश सिंह ने मुरादाबाद रेंज के आईजी रमित शर्मा से इस पूरे मामले की जांच करने को कहा है, साथ ही पूरी घटना की रिपोर्ट तलब की है। बता दें कि यह हत्याकांड उस वक्त हुआ जब मामले की सुनवाई कोर्ट में चल रही थी। सुनवाई के दौरान आरोपी को गोली मार दी गई। जानकारी के अनुसार हत्या के आरोपी शाहनवाज कोर्ट में पेशी के लिए आए थे, जिस दौरान कोर्ट में यह सुनवाई चल रही थी, उसी वक्त तीन लोग कोर्टरूम में पहुंचे और उन्होंने शाहनवाज को गोली मार दी, जिसके बाद आरोपी की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग में आरोपी के अलावा दो अन्य लोगों को भी गोली लगी है। कोर्ट के एक कर्मचारी के अलावा एक पुलिसकर्मी को गोली लगी है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हत्या का बदला लेने के लिए पहुंचा था बेटा
जिले के एसपी का कहना है कि स्थानीय नेता की मई माह में रमजान के दौरान हत्या हो गई थी। जिसके बाद नेता के बेटे ताहिर ने अपने दो सहयोगियों के साथ अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए कोर्ट में आारोपी को गोली मार दी है। हत्या के बाद तीनों ही आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications