Bihar News: कभी घर तक सीमित थीं, अब बनीं ‘डॉक्टर दीदी’, जीविका की 8,992 पशु सखियां बदल रहीं गांवों की तस्वीर
बिहार में, 8,992 प्रशिक्षित पशु सखी महिलाएं किसानों को अग्रिम पंक्ति में पशुओं की देखभाल, टीकाकरण और पोषण संबंधी मार्गदर्शन प्रदान करती हैं। यह कार्यक्रम ग्रामीण आजीविका को मजबूत करता है, पशुओं के नुकसान को कम करता है, और जिलों में डेयरी और मांस उत्पादन को बढ़ावा देने में महिलाओं की भूमिका को उजागर करता है।
बिहार के गांवों में महिलाएं अब पशुपालन के क्षेत्र में नई पहचान बना रही हैं। जीविका से जुड़ी 8,992 प्रशिक्षित पशु सखियां पशुओं की देखभाल, टीकाकरण और प्राथमिक उपचार के जरिए पशुपालकों की मदद कर रही हैं। लखीसराय की खुशबू कुमारी जैसी महिलाएं आत्मनिर्भरता की मिसाल बनकर उभरी हैं।

बिहार में ग्रामीण महिलाओं के सशक्तीकरण की एक नई तस्वीर सामने आ रही है। कभी घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित रहने वाली महिलाएं अब गांवों में पशुओं की सेहत का ख्याल रखने के साथ पशुपालकों की आय बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। जीविका की प्रशिक्षित पशु सखियां गांव-गांव जाकर पशुओं की प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल, टीकाकरण, कृमिनाशक दवाओं के इस्तेमाल और बेहतर पोषण को लेकर जागरूकता फैला रही हैं।
राज्य में इस समय कुल 8,992 प्रशिक्षित पशु सखियां अपनी सेवाएं दे रही हैं। इन महिलाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों के लिए स्थानीय स्तर पर जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराने और पशुधन के नुकसान को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
जीविका के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार के जिलों में पशु सखियों की संख्या के मामले में गया सबसे आगे है। यहां 540 प्रशिक्षित पशु सखियां काम कर रही हैं। वहीं, मुजफ्फरपुर 443 पशु सखियों के साथ दूसरे और कटिहार 432 के साथ तीसरे स्थान पर है।
नवादा और पूर्णिया में 430-430 पशु सखियां सेवाएं दे रही हैं, जबकि नालंदा में इनकी संख्या 424 है। इसके अलावा रोहतास, पटना, सीतामढ़ी और पश्चिमी चंपारण में भी बड़ी संख्या में पशु सखियां पशुपालकों की मदद कर रही हैं।
खुशबू कुमारी की कहानी: खेती से पशु सेवा तक का सफर
बिहार में पशु सखी पहल की सफलता की एक प्रेरक कहानी लखीसराय जिले के चानन प्रखंड की ईंटोन पंचायत के मननपुर गांव से सामने आती है। यहां की खुशबू कुमारी आज गांव में ‘डॉक्टर दीदी’ के नाम से जानी जाती हैं।
इंटरमीडिएट तक पढ़ाई करने वाली खुशबू वर्ष 2019 में जीविका के स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं। उन्होंने खेती में निवेश करने के लिए समूह से एक लाख रुपये का ऋण लिया। खेती से उन्हें हर साल करीब 40 से 50 हजार रुपये तक का मुनाफा होने लगा।
खुशबू की सक्रियता और काम के प्रति लगन को देखते हुए वर्ष 2023 में उनका चयन पशु सखी के रूप में किया गया। इसके बाद जीविका से विशेष प्रशिक्षण लेकर उन्होंने पशुओं की देखभाल और पशुपालकों को जरूरी सलाह देने का काम शुरू किया।
आज खुशबू गांव-गांव और घर-घर जाकर खास तौर पर बकरीपालकों की मदद करती हैं। वह बकरियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी, कृमिनाशक दवाओं के इस्तेमाल, विटामिन और प्राथमिक उपचार के बारे में जानकारी देती हैं। इसके साथ ही पीपीआर और ईटी जैसी बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण के महत्व के प्रति भी पशुपालकों को जागरूक करती हैं।
उनके प्रयासों से ग्रामीणों में पशुओं की नियमित देखभाल को लेकर जागरूकता बढ़ी है। बकरियों की मृत्यु दर कम करने में भी इन प्रयासों से मदद मिली है। उनके इसी काम और सेवाभाव के कारण गांव की महिलाएं और पशुपालक उन्हें प्यार से ‘डॉक्टर दीदी’ बुलाते हैं।
पशुओं की बेहतर देखभाल से बढ़ेगी पशुपालकों की कमाई
बिहार के ग्रामीण इलाकों में पशुपालन हजारों परिवारों की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन है। ऐसे में पशुओं की बीमारी, समय पर इलाज न मिलना और टीकाकरण की कमी पशुपालकों के लिए आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है।
पशु सखियां पशुओं में बीमारियों के शुरुआती लक्षणों की पहचान, टीकाकरण, कृमिनाशक दवाओं के उपयोग और संतुलित आहार के बारे में जानकारी देकर इस समस्या को कम करने में मदद कर रही हैं।
स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित महिलाओं की उपलब्धता से पशुपालकों को समय पर प्राथमिक सहायता और जरूरी सलाह मिल रही है। इससे पशुधन की सुरक्षा मजबूत करने, पशुओं के नुकसान को कम करने और पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाने की संभावनाएं बढ़ रही हैं। हालांकि, गंभीर बीमारियों या जटिल मामलों में पशु चिकित्सक की सहायता जरूरी होती है। ऐसे में पशु सखियों की भूमिका प्राथमिक देखभाल और समय पर उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण है।
मंत्री श्रवण कुमार बोले- ग्रामीण अर्थव्यवस्था की ताकत हैं जीविका दीदियां
बिहार के ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जीविका दीदियां अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति से न केवल अपने परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं, बल्कि ग्रामीण समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और गरीब से गरीब परिवार तक वित्तीय एवं तकनीकी सहायता पहुंचाना है। पशु सखी मॉडल के माध्यम से गांवों में पशुओं की प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल, टीकाकरण और जरूरी सलाह जैसी सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
मंत्री ने कहा कि जीविका के जरिए महिलाओं को प्रशिक्षण, आजीविका के अवसर और आत्मनिर्भर बनने का मंच मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जीविका दीदियां अपने आत्मविश्वास और समर्पण के साथ ग्रामीण विकास को गति देने तथा विकसित बिहार के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेंगी।
बिहार के टॉप-10 जिले, जहां सबसे ज्यादा पशु सखियां
जीविका के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पशु सखियों की संख्या के मामले में बिहार के शीर्ष 10 जिले इस प्रकार हैं: गया: 540
मुजफ्फरपुर: 443
कटिहार: 432
नवादा: 430
पूर्णिया: 430
नालंदा: 424
रोहतास: 423
पटना: 387
सीतामढ़ी: 377
पश्चिमी चंपारण: 372
महिला सशक्तीकरण के साथ ग्रामीण विकास को मिल रही नई दिशा
जीविका की पशु सखी पहल ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर खोल रही है। इसके जरिए महिलाएं अपने गांव में ही आजीविका का साधन विकसित करने के साथ पशुपालकों तक जरूरी सेवाएं पहुंचा रही हैं।
Kundan Singh,
Deputy Editor, Oneindia


Click it and Unblock the Notifications
