बिहार के वैशाली में एक्सीडेंट, ट्रक से कुचलकर 12 की मौत, PM मोदी और CM नीतीश ने किया मुआवजे का ऐलान
बिहार के वैशाली में एक्सीडेंट, ट्रक से कुचलकर 12 की मौत, PM मोदी और CM नीतीश ने किया मुआवजे का ऐलान
Bihar vaishali accident: बिहार के वैशाली में हुए सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त की है। इस हादसे में 7 बच्चों समेत 12 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हैं। पीटीआई रिपोर्ट के मुताबिक बिहार के वैशाली जिले में रविवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रक के धार्मिक जुलूस में घुस जाने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से एक तिहाई बच्चे थे और कई अन्य घायल हो गए हैं। सड़क हादसा पटना से करीब 30 किलोमीटर दूर वैशाली जिले के देसरी थाना क्षेत्र में रात करीब नौ बजे हुई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश ने अनुग्रह राशि की घोषणा की हैै। पीएमओ की ओर से मृतक के परिवार को 2-2 लाख रुपये और सीएम नीतीश की ओर से मृतक के परिवार के लिए 5-5 लाख रुपये अनुग्रह राशि की घोषणा की गई है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट कर कहा, ''वैशाली, बिहार में हुई सड़क दुर्घटना में बच्चों समेत कई लोगों के हताहत होने की ख़बर अत्यंत पीड़ादायक है। मैं इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहन शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।''
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वैशाली में हुए हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा किए गए ट्वीट में कहा गया, ''बिहार के वैशाली में हुई दुर्घटना दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पीएमएनआरएफ की ओर से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रत्येक मृतक के परिजनों को और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।''
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी वैशाली में हुए सड़क हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम नीतीश कुमार ने ट्वीट कर कहा, ''वैशाली के देसरी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक द्वारा बच्चों सहित कई लोगों को कुचलने की घटना से मर्माहत हूं। मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है तथा उन्हें 5-5 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा। घायलों के समुचित इलाज का निर्देश दिया। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है।''












Click it and Unblock the Notifications