Bihar News: होली पर बड़ा ऐलान: SC-ST आवासीय विद्यालयों में तैनात होंगे स्वास्थ्य कर्मी, 40 नए स्कूल खुलेंगे
बिहार एससी/एसटी विभाग ने 40 नए डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय खोलने, प्रत्येक को 24/7 स्वास्थ्य कर्मियों से लैस करने, आपातकालीन परिवहन प्रदान करने और छात्रवृत्ति बढ़ाने की योजना बनाई है, जिसका उद्देश्य एससी और एसटी छात्रों के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य सहायता को मजबूत करना है।
होली के अवसर पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विभाग के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने राज्य के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। पटना में आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान उन्होंने विभाग की आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालयों में जल्द ही स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि एससी-एसटी छात्रों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक आवासीय विद्यालय में 24 घंटे स्वास्थ्य कर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए विद्यालयों को बहुउद्देशीय वाहन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इस दिशा में विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
मंत्री ने बताया कि वर्तमान में बिहार में 91 डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय संचालित हैं। राज्य सरकार ने 720 सीटों की क्षमता वाले 40 नए आवासीय विद्यालय खोलने का निर्णय लिया है। इन विद्यालयों को जल्द शुरू करने की प्रक्रिया जारी है।
सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 1 और कक्षा 6 में नामांकन को लेकर बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से कुल 1,03,195 आवेदन आए हैं, जिनमें कक्षा 1 के लिए 59,453 और कक्षा 6 के लिए 43,742 आवेदन शामिल हैं।
छात्रवृत्ति में बढ़ोतरी, लाखों छात्रों को लाभ
मंत्री ने बताया कि कक्षा 1 से 11 तक के लगभग 25 लाख छात्रों को विभाग के माध्यम से छात्रवृत्ति दी जाती है। हाल ही में राज्य कैबिनेट ने छात्रवृत्ति राशि को दोगुना करने का निर्णय लिया है। सरकार छात्रों के शैक्षणिक भविष्य को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत अब राज्य सरकार से संचालित संस्थानों के अलावा केंद्र सरकार के शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों की शिक्षण शुल्क सहित सभी अनिवार्य शुल्क का भुगतान भी राज्य सरकार करेगी।
मेधावृत्ति योजना और छात्रावास सुविधाएं
मुख्यमंत्री मेधावृत्ति योजना के तहत वर्ष 2025-26 में 1,63,826 एससी-एसटी छात्रों को 164 करोड़ 66 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। विभाग द्वारा संचालित 137 छात्रावासों में 10,663 छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन, आवास और खाद्यान्न सुविधा दी जा रही है। प्रत्येक छात्र को 15 किलोग्राम अनाज और प्रतिमाह 1,000 रुपये अनुदान दिया जाता है। मंत्री ने संकेत दिया कि इस अनुदान राशि में जल्द वृद्धि की जाएगी।
सामुदायिक भवनों का निर्माण
मंत्री ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायतों के एससी-एसटी टोलों में 4,800 सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया जा चुका है। शेष बचे टोलों का सर्वे कराकर वहां भी जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। सरकार की इन घोषणाओं को सामाजिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications