बीमार लालू यादव के लिए राहत भरी खबर, दंपति ने किडनी दान करने का किया ऐलान
Recommended Video
रांची। चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की लगभग 65 प्रतिशत किडनी खराब हो चुकी है। जिसके चलते उनकी तबियत काफी खराब बताई जा रही है। फिलहाल लालू यादव का रांची के रिम्स में इलाज चल रहा है। इसी बीच बिहार के सहरसा के रहने वाले एक दंपती ने लालू प्रसाद यादव को किडनी देने की पेशकश की है। दोनों ने अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बात की घोषणा की है।

दंपति ने की किडनी दान करने की घोषणा
लोजद नेता प्रवीण आनंद और उनकी पत्नी प्रियंका आनंद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बुधवार को कहा कि, लालू यादव गरीबों, शोषितों और दबे-कुचलों के नेता हैं। उनके जिंदा रहने से विपक्ष जिंदा रहेगा यही कारण है वो उन्हें अपनी किडनी दान करना चाहते हैं। जिला पार्षद प्रियंका आनंद ने कहा कि मेरी किडनी की जांच की जाए। मैं चाहती हूं कि अगर मेरी किडनी उनसे मैच खाती है तो हम लालू जी को अपनी किडनी देने को तैयार हैं।

लालू यादव को कई गंभीर बीमारियों ने घेर रखा है
प्रियंका आनंद व प्रवीण आनंद ने कहा कि आज बिहार और देश को ऐसे नेता की जरूरत है। उन्होंने कहा कि चारा घोटाला में षडयंत्र के तहत लालू प्रसाद यादव को फंसा दिया गया है। पति-पत्नी ने कहा कि वे लालू यादव को अपनी किडनी दे सकते हैं। जिस दिन कहा जाएगा, वे दोनों किडनी देने के लिए पहुंच जाएंगे। लालू यादव को कई गंभीर बीमारियों ने घेर रखा है, जिसमें ब्लड प्रेशर, डायबिटिज (शुगर) और किडनी जनित बीमारियां शामिल हैं।

डॉक्टर बोले- लालू की किडनी बदलना अति आवश्यक
डॉक्टरों के मुताबिक उनके लिए किडनी बदला जाना अति आवश्यक है। काफी दिनों से जेल में रहने और सक्रिय राजनीति से दूर हैं। लालू यादव के गिरते स्वास्थ्य को लेकर उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव समेत परिवार के लोगों ने भी चिंता जाहिर की थी और कहा था कि लालू जी की जान को जेल में खतरा है। सजायाफ्ता लालू यादव से मिलने के लिए हफ्ते के हर शनिवार को लोग रांची स्थित रिम्स में जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications