बिहार में हड़कंप- CM नीतीश ने कराया कोरोना टेस्ट, डिप्टी सीएम सहित कई मंत्रियों ने दिया सैंपल
पटना। बिहार में कोरोना वायरस ने हड़कंप मचा दिया है। कारण है बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह का कोरोना संक्रमित पाया जाना। इससे भी बड़ा कारण है दो दिन पहले अवधेश नारायण सिंह के संपर्क में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आना। नवनिर्वाचित पार्षदों का शपथग्रहण समारोह में नीतीश कुमार ने मंच साझा किया था। इस कार्यक्रम में अवधेश नारायण सिंह और नीतीश कुमार दोनों बिल्कुल आस पास ही बैठे थे। अब सिंह के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने खुद पहल कर अपना कोविड 19 का टेस्ट करवाया है।

साथ ही डिप्टी सीएम सुशील मोदी और कई अधिकारियों व मंत्रियों के भी सैंपल लिए गए हैं। आपको बता दें कि सभापति अवधेश नारायण सिंह के साथ-साथ उनकी पत्नी और पुत्र भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। दरअसल उनकी पिछले दिनों तबीयत खराब हुई और उनमें कोरोना के लक्षण दिखाई दिए तो उनका सैंपल लेकर जांच की गई। जांच में उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उनका असिस्टेंट भी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं।
जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक सभापति समेत उनके परिवार के सभी सदस्यों को पटना एम्स के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया जाएगा। जानकारी के मुताबिक अवधेश नारायण सिंह की पहली दो टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई थी, लेकिन तीसरी जांच में वे कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। उनकी उम्र 71 साल है। वे जून महीने में सभापति बनाए गए।












Click it and Unblock the Notifications