किसान आंदोलन में कूदे नीतीश, पीएम मोदी पर हमला
नीतीश ने कहा कि कर्जमाफी के ऐलान से किसानों का संकट खत्म नहीं होगा। सरकार किसानों को लागत मूल्य से ज्यादा फसल की कीमत दे।
पटना। मध्य प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। नीतीश ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी ने जो वादे किए थे, प्रधानमंत्री बनने के बाद उन वादों को नहीं निभाया। सरकार बनते ही किसानों से किए हुए पीएम मोदी वादे भूल गए।

नीतीश ने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि कर्जमाफी के ऐलान से किसानों का संकट खत्म नहीं होगा। सरकार किसानों को लागत मूल्य से ज्यादा फसल की कीमत दे। आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में पिछले कई दिनों से किसानों का आंदोलन चल रहा है। बीते 6 जून को मंदसौर में पुलिस की फायरिंग में 6 किसानों की मौत भी हुई थी, जिसके बाद किसानों का आंदोलन उग्र हो गया।
किसानों की मांग है कि सरकार उनकी उपज की उचित कीमत देते हुए समर्थन मूल्य बढ़ाए। साथ ही किसान कर्जमाफी की भी मांग कर रहे हैं। हालांकि मध्य प्रदेश और केंद्र सरकार की तरफ से कर्ज माफी को लेकर अभी तक कोई घोषणा नहीं की गई है। राज्य में हिंसक हालात को शांत करने की अपील के साथ सीएम शिवराज सिंह चौहान ने उपवास भी किया था, जिसे बाद में मृत किसानों के परिजनों के आश्वासन पर तोड़ा गया।












Click it and Unblock the Notifications