North East Express Accident: आखिर ड्राइवर ने क्यों मारे थे इमरजेंसी ब्रेक, बिहार रेल हादसे का सच आया सामने
North East Express train accident Bihar Buxar: बिहार के बक्सर जिले के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास दिल्ली-कामाख्या नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट एक्सप्रेस (नंबर- 12506) हादसे को लेकर ये जानकारी आई कि ड्राइवर ने अचानक से इमरजेंसी ब्रेक मारी थी। अब रेलवे अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए बताया है कि आखिर ड्राइवर को अचानक इमरजेंसी ब्रेक क्यों मारने पड़े।
आनंद विहार टर्मिनल रेलवे स्टेशन से दिल्ली से कामाख्या जाने वाली ट्रेन दिल्ली-कामाख्या नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट एक्सप्रेस की 21 बोगियां 11 अक्टूबर की रात 9:53 बजे रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास पलट गई थी। इस हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई और 100 अन्य घायल हो गए।

आखिर रात में ऐसा क्या हुआ कि ड्राइवर ने अचानक लगा दिए इमरजेंसी ब्रेक?
रेलवे अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए कहा कि ड्राइवर ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक इसलिए लगाए क्योंकि इंजन ड्राइवर ने पटरियों (रेलवे ट्रैक) पर "खड़खड़ाहट" महसूस की थी। ड्राइवर को लगा था कि रेलवे ट्रैक हिल रही है। खड़खड़ाहट महसूस होने से बाद ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाई।
अधिकारियों ने कहा कि घटना की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि जब ट्रेन 128 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी तो ड्राइवर को आपातकालीन ब्रेक लगाना पड़ा क्योंकि जब ट्रेन रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन में प्रवेश कर रही थी तो उसे पटरियों में खड़खड़ाहट महसूस हुई।
रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि पटरियों के साथ कोई समस्या नहीं थी। उन्होंने तोड़फोड़ की किसी भी संभावना से इनकार किया है।

जानिए इंजन ड्राइवर कब लगाता है इमरजेंसी ब्रेक?
रेलवे में इंजन ड्राइवर इमरजेंसी ब्रेक किन स्थितियों में लगाता है...? इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक इस सवाल के जवाब में एक लोकोमोटिव ड्राइवर ने कहा, ''एक इंजन ड्राइवर आपातकालीन ब्रेक तभी लगाता है जब कोई रुकावट हो, अचानक लाल सिग्नल हो, या दूरी का अंतर तय करना हो या फिर किसी कारण की वजह से ट्रेन को रोकना हो। रघुनाथपुर मामले में, ड्राइवर को पटरियों में खड़खड़ाहट का अहसास हो गया होगा और उसने आपातकालीन ब्रेक लगाकर एक बड़ी दुर्घटना को रोकने की कोशिश की होगी।''
रेलवे में दिए जांच के आदेश
रेलवे ने इस घटना के जांच के आदेश दिए हैं। बुधवार रात 9.34 से 10 बजे के बीच जैसे ही गुवाहाटी जाने वाली नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन में प्रवेश करने वाली थी, उसके सभी 21 डिब्बे पटरी से उतर गए और ट्रेन के पीछे की ओर चार एसी डिब्बे पलट गए। ट्रेन रघुनाथपुर में रुकने वाली नहीं थी। अगला स्टेशन 42 किमी दूर आरा में था।
पूर्वी मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने कहा है कि, रेलवे सुरक्षा आयुक्त द्वारा जांच की जा रही है। हमें जल्द ही दुर्घटना के पीछे के कारणों का पता चल जाएगा। पलटे चार एसी डिब्बों में से दो को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ।''












Click it and Unblock the Notifications