कोरोना वायरस के कारण नहीं टलेंगे बिहार विधानसभा चुनाव, तय समय पर ही होंगे: चुनाव आयोग
नई दिल्ली। बिहार में इस वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं, लेकिन कोरोना के चलते चुनाव को टालने के कयास लग रहे थे। इन कयासों के बीच चुनाव आयोग ने साफ किया है कि बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव में देरी नहीं होगी और यह अपने तय समय के अनुसार ही होंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने सोमवार को कहा कि बिहार में विधानसभा चुनाव तय समय पर होंगे, इसके लिए चुनाव आयोग का पैनल कोरोना के मद्देनजर तैयारियों में जुटा है।
Recommended Video

सुनील अरोड़ा ने बताया कि चुनाव आयोग कोरोना महामारी को देखते हुए हर तरह की सावधानी बरत रहा है, तमाम एहतियात बरतते हुए तैयारियां की जा रही है। बता दें कि बिहार के राजनीतिक दलों ने चुनाव आयोग से अपील की है कि चुनाव की तारीखों को टाल दिया जाए। जिन दलों ने चुनाव आयोग से चुनाव की तारीखें टालने की अपील की है, उसमे राष्ट्रीय जनता दल, लोक जनशक्ति पार्टी शामिल हैं। एलजेपी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है और कहा है कि इस समय चुनाव कराकर लाखों लोगों का जीवन खतरे में डालना सही नहीं है।
कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने भी रविवार को मौजूदा हालात को देखते हुए विधानसभा चुनाव नहीं कराने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि लोगों की सुरक्षा को हमे सबसे अधिक वरीयता देनी चाहिए। वहीं भारतीय जनता पार्टी की ओर से कहा गया है कि चुनाव कराने हैं या नहीं यह चुनाव आयोग को तय करना है, लिहाजा हम इस मसले पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं। बता दें कि चुनाव आयोग ने बिहार के तमाम राजनीतिक दलों से विानसभा चुनाव कराए जाने को लेकर सुझाव मांगे थे। सभी दलों को 31 जुलाई तक चुनाव आयोग को सुझाव देना था, लेकिन अब इस तारीख को आयोग ने 11 अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया है। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 29 नवंबर को खत्म हो रहा है। ऐसे में गर 18 नवंबर तक चुनाव प्रक्रिया संपन्न नहीं होती है तो प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगा दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications