पटना एयरपोर्ट से हटाए गये पीएम मोदी और अमित शाह के बैनर-पोस्टर्स
पटना। बिहार चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार को होने जा रहे है। इससे ठीक पहले चुनाव आयोग के निर्देश पर पटना एयरपोर्ट परिसर से गुरुवार को सभी चुनावी पोस्टर और बैनर हटा लिए गये। महागठबंधन ने चुनाव आयोग से इस बात की सिफारिश की थी और कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के पोस्टर हटाया जाए क्योंकि यह आचार संहिता के नियमों का उल्लंघन है।

महागंठबंधन की ओर से जेडीयू के महासचिव केसी त्यागी, कांग्रेस प्रवक्ता आरपीएन सिंह और आरजेडी के प्रवक्ता मनोज झा के साथ ही जाने-माने वकील केटीएस तुलसी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को इस सिलसिले में ज्ञापन सौंपा था। इसमें एयरपोर्ट के साथ-साथ रेलवे स्टेशन और सरकारी इमारतों से ऐसे पोस्टरों को हटाने को कहा गया था।
पटना एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि परिसर के आस-पास लगे सभी बैनर और पोस्टर हटा लिए गये हैं। आपको बताते चलें कि बिहार में विधानसभा चुनाव के आगे बढ़ने के साथ हवाई अड्डा और रेलवे स्टेशन राजनीतिक नेताओं के लिए प्रचार के प्रमुख स्थल के रूप में उभरे हैं।












Click it and Unblock the Notifications