बिहार: पुलिस अधिकारियों को पीटने के मामले में 175 पुलिस ट्रेनी और 10 पुलिस कॉन्स्टेबल सस्पेंड
पटना। बिहार की राजधानी पटना में पुलिस लाइन में दो दिन पहले एक बीमार महिला कॉन्स्टेबल की कथित तौर पर इलाज के अभाव में हुई मौत के बाद विरोध-प्रदर्शन और हंगामा करने के मामले में 175 पुलिस ट्रेनी कॉन्स्टेबल और 10 पुलिस कॉन्स्टेबल सस्पेंड कर दिया गया है। यह बिहार पुलिस के इतिहास में पहली बार है जब एक साथ पुलिस ने इतने सारे सिपाहियों को एकसाथ बर्खास्त किया गया है। सरकार ने यह कार्रवाई पटना जोनल आईजी नैयर हसनैन खां की रिपोर्ट के आधार पर की है।

इसके अलावा प्रशासन ने सविता पाठक को छुट्टी नहीं देने पर तीन पुलिसकर्मियों को भी निलंबित कर दिया है। डीजीपी के एस द्विवेदी के आदेश पर जांच में वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की गई है। बता दें कि बीते शुक्रवार को एक महिला सिपाही की डेंगू से मौत के बाद ज्यादती का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशिक्षुओं ने पुलिस लाइन में कई वरिष्ठ अफसरों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा था तथा जबर्दस्त तोड़फोड़ की थी।
साथी की मौत से नाराज महिला व पुरुष रंगरूटों ने पटना के लोदीपुर पुलिस लाइन में जमकर बवाल किया था। गुस्साए रंगरूटों ने एसपी ग्रामीण, लाइन डीएसपी समेत कई थानेदारों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा था। यही नहीं, पुलिस लाइन में जमकर तोड़फोड़ की थी और कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर पलट दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications