Bigg Boss 14: सिंगर राहुल वैद्य ने नेशनल टेलीविजन पर किया था प्रपोज, VIDEO में देखिए क्या बोलीं दिशा परमार
नई दिल्ली। टेलीविजन का मशहूर रिएलिटी शो बिग बॉस इस समय राहुल वैद्य (Rahul Vaidya) के चलते चर्चा में बना हुआ है। शो के प्रतियोगी राहुल ने नेशनल टेलीविजन पर दिशा परमार (Disha Parmar) को शादी के लिए प्रपोज किया है। बिग बॉस सीजन 14 (Bigg Boss 14) के घर में यूं तो किसी ना किसी मुद्दे पर प्रतियोगियों को लड़ते झगड़ते देखा जाता है, लेकिन कभी-कभी घर में कुछ ऐसा हो जाता है, जिससे शो सुर्खियों में आ जाता है। सिंगर राहुल वैद्य के प्रपोज करने का तरीका लोगों को खूब पसंद आ रहा है।

क्या बोलीं दिशा परमार?
सोशल मीडिया पर दोनों की खूब चर्चा हो रही है। अब दिशा ने भी राहुल के प्रपोजल पर रिएक्ट किया है। उनका एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दिशा के रिएक्शन का ये वीडियो बिग बॉस इनसाइडर अकाउंट द खबरी पर शेयर किया गया है। जिसमें देखा जा सकता है कि दिशा अपने दोस्तों के साथ हैं। वह केक देखकर खुशी से कहती हैं, 'तुम जानते हो ना कि आज कितना स्पेशल दिन है।' तो इसपर दिशा का एक दोस्त पूछता है, 'हमारी वजह से ना??'

वीडियो में शर्माते हुए दिखीं दिशा
वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि दिशा अपने दोस्त को जवाब देते हुए कहती हैं, 'हां बिल्कुल, तुम क्या सोच रहे थे।' इसके बाद दिशा का दोस्ट उनकी टांग खिंचाई करते हुए कहता है, 'मुझे लगा कि क्योंकि तुम्हें किसी ने नेशनल टेलीविजन पर प्रपोज किया है।' ये सुनकर दिशा शर्माते हुए कैमरे से अपना मुंह छिपा लेती हैं। वीडियो 11 नवंबर का है, इस दिन दिशा ने अपना 28वां जन्मदिन मनाया है। ये वीडियो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोगों को दिशा के रिएक्शन वाला ये वीडियो खूब पसंद आ रहा है।

घर वालों के लिए सामने किया प्रपोज
दरअसल राहुल ने बिग बॉस के घर से दिशा को शादी के लिए प्रपोज किया था। जिसका वीडियो कलर्स चैनल की ओर से सोशल मीडिया पर शेयर किया गया। राहुल वीडियो में घरवालों के सामने खड़े होकर दिशा को प्रपोज करते हैं। राहुल ने इस दौरान अपनी टीशर्ट पर 'मैरी मी' भी लिखा। राहुल कहते हैं, 'आज 11 नवंबर है। आज मेरे लिए बहुत ज्यादा स्पेशल दिन है, क्योंकि मेरी जिंदगी में एक ऐसी लड़की है, जिसे मैं पिछले 2 साल से जानता हूं। इस घर में आने के बाद मुझे रिश्तों की अहमियत का पता चला। जब यहां किसी से झगड़ा होता था, मैं अंदर जाता था, अकेला महसूस करता था, तब मुझे उसकी बहुत ज्यादा याद आई।'

हाथों में अंगूठी लिए किया प्रपोज
राहुल आगे कहते हैं, 'उस लड़की का नाम है दिशा परमार। आज उसका बर्थडे है। मैंने उसके लिए एक टीशर्ट पर उसका नाम लिखा है। बीच में लव और हैप्पी बर्थडे। दिशा मुझे लगता है कि तुम इस दुनिया की सबसे सबसे खूबसूरत लड़की हो। मुझे समझ में नहीं आ रहा कि मुझे इतना वक्त क्यों लगा तुम्हें ये कहने के लिए...' इसके बाद राहुल अपने घुटनों के बल बैठ जाते हैं और हाथ में अंगूठी लेकर कैमरे के सामने कहते हैं, 'क्या तुम मुझसे शादी करोगी? मैं तुम्हारे जवाब का इंतजार करूंगा।' बता दें राहुल ने अपनी टीशर्ट के पीछे 'मैरी मी' लिखा था।

राहुल ने पहले बताया था अच्छी दोस्त
राहुल ने बिग बॉस के घर में आने से पहले कहा था कि वह और दिशा केवल अच्छे दोस्त हैं। उन्होंने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा था, 'सच में, दिशा केवल मेरी अच्छी दोस्त हैं। हम कभी प्यार में नहीं पड़े और ना ही हमारे बीच कुछ चल रहा है। मेरी बहुत सारी महिला दोस्त हैं, जिनके साथ मैं डिनर के लिए जाता हूं, लेकिन हुआ ये कि क्योंकि दिशा मशहूर हैं, तो हमारा नाम जोड़ा जाने लगा।'

कौन हैं दिशा परमार?
वहीं दिशा परमार की बात करें तो वह एक अभिनेत्री और मॉडल हैं। उन्होंने स्टार प्लस के शो 'प्यार का दर्द है, मीठा मीठा प्यारा प्यारा' में लीड रोल निभाया था। शो में उनके किरदार का नाम पंखुड़ी था। इस शो से उन्हें काफी पॉपुलैरिटी मिली और उन्हें घर-घर में जाना जाने लगा। आज भी दिशा परमार को उनके इस शो के लिए ही याद किया जाता है। इस शो के अलावा दिशा ने 'वो अपना सा' शो में भी काम किया है। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर कई बार राहुल के साथ अपनी तस्वीर साझा की हैं।












Click it and Unblock the Notifications