महाराष्ट्र सीएम फेस पर अभी खत्म नहीं हुआ सस्पेंस, 28 नवंबर को दिल्ली में होगी NDA की बैठक
महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी खींचतान पर फिलहाल विराम लग गया है। लेकिन, नया सीएम कौन होगा इस पर अभी सस्पेंस खत्म नहीं हुआ है। इस बीच, दिल्ली में गुरुवार 28 नवंबर को भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए की बैठक होगी। इस बैठक में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा होगी।
दिल्ली में होने वाली एनडीए की बैठक में एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फड़नवीस और अजित पवार के शामिल होने की उम्मीद है। बैठक की पुष्टि करते हुए शिंदे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'कल (28 नवंबर) अमित शाह के साथ तीनों दलों (महायुति) की बैठक होगी। उस बैठक में विस्तृत चर्चा की जाएगी। उसके बाद कोई फैसला लिया जाएगा।'

इस बैठक का उद्देश्य महाराष्ट्र सरकार में शीर्ष पद को लेकर चल रहे सस्पेंस को सुलझाना है। बता दें, महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम और एनसीपी प्रमुख अजित पवार ने कहा कि मैं कल दिल्ली जाऊंगा। सारी चर्चाएं वहीं होंगी...कल चर्चा के बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा।
इससे पहले महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बहुत आगे बढ़ेंगे और निश्चित रूप से महायुति की सरकार स्थापित होगी...कल मैंने पीएम से भी बात की है मैंने कहा कि सरकार बनाने में हमारी तरफ से कोई अड़चन नहीं है। आप निर्णय लीजिए, बीजेपी जो अंतिम निर्णय लेगा उस निर्णय की तामिल हो जाएगी।
कहा कि बीजेपी के वरिष्ठ नेता जो मुख्यमंत्री पद के बारे में निर्णय लेंगे और बीजेपी का जो उम्मीदवार होगा उसको हमारा पूरा समर्थन होगा। बताया कि कल गृह मंत्री अमित शाह के साथ हमारे तीनों दलों की बैठक होगी और उसमें विस्तार से चर्चा होगी और उसके बाद सीएम फेस पर निर्णय लिया जाएगा।
शिंदे ने कहा कि आज हमारे राज्य में महायुति को जो जीत हासिल हुई, उसके लिए मैं सभी मतादाताओं को धन्यवाद करता हूं। यह अभूतपूर्व जीत है। मैंने कभी खुद को मुख्यमंत्री नहीं माना। CM का मतलब कॉमन मैन होता है। मैंने कार्यकर्ता के रूप में काम किया। हमने आम जनता के जीवन में बदलाव लाने की कोशिश की, अब हमारी जिम्मेदारी और बढ़ गई है।












Click it and Unblock the Notifications