चंद्रशेखर ने की बसपा सुप्रीमो मायावती से साथ आने की अपील, कहा- मिलकर भाजपा के खिलाफ लडे़ं
लखनऊ। भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर ने एक बार फिर बसपा प्रमुख मायावती से साथ आने की अपील की है। चंद्रशेखर ने मायावती से अपील करते हुए कहा है कि भाजपा के खिलाफ लड़ने के लिए दोनों को साथ आना चाहिए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चंद्रशेखर ने बसपा प्रमुख को इस संबंध में एक खुला खत लिखते हुए बहुजन मूवमेंट की ताकत को बढ़ाने को कहा।

चंद्रशेखर ने मायावती से की साथ आने की अपील
चंद्रशेखर कुछ दिनों पहले ही जेल से रिहा हुए हैं। दिल्ली के रविदास मंदिर को गिराने के मामले में हिंसक विरोध प्रदर्शन के आरोप में भीम आर्मी चीफ सहित करीब 100 लोगों को गिरफ्तार किया था। दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित रविदास मंदिर को सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गिरा दिया गया था, जिसका देशभर के दलित संगठनों ने विरोध किया था और वे सड़कों पर उतर आए थे, इसका विरोध करने वालों में चंद्रशेखर भी शामिल थे।

बसपा प्रमुख मायावती को लिखा खत
बसपा प्रमुख मायावती को लिखे खत में चंद्रशेखर ने कहा है, 'मेरा मानना है कि देश की वर्तमान समस्याओं का हल केवल बहुजन समाज के पास है। अगर कोई समस्या है तो हमें इस पर ध्यान देना चाहिए। मेरा अनुरोध है कि हमें अपने मतभेदों को भुलाकर बात करने के लिए साथ बैठना चाहिए, क्योंकि इससे ही नया रास्ता खुल सकता है।' चंद्रशेखर ने आगे लिखा है, 'आप दिवंगत कांशीराम की टीम की कोर मेंबर हैं और आपका अनुभव हमारे लिए महत्वपूर्ण है, हमें उम्मीद है कि आप इस चर्चा में शामिल होंगी।'

चंद्रशेखर पर हमलावर रही हैं मायावती
बसपा प्रमुख मायावती चंद्रशेखर पर बीजेपी की कठपुतली होने का आरोप लगाती रही हैं कि वे उनके इशारे पर दलितों को गुमराह कर रहे हैं। बता दें कि साल 2017 में सहारनपुर के शब्बीरपुर गांव में दलितों और सवर्णों के बीच हिंसा के दौरान भीम आर्मी का नाम सामने आया था। भीम आर्मी का पूरा नाम 'भारत एकता मिशन भीम आर्मी' है और इसका गठन करीब 7 साल पहले किया गया था, चंद्रशेखर इस संगठन के संस्थापक और अध्यक्ष हैं।












Click it and Unblock the Notifications