Ola-Uber से भी सस्ती होगी कैब! 1 जनवरी से दिल्ली में दौड़ेगी Bharat Taxi, फीचर्स जान आप भी करेंगे राइड बुकिंग
Bharat Taxi App Service Launch: नए साल की शुरुआत के साथ ही राजधानी दिल्ली में टैक्सी सर्विस की दुनिया में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। 1 जनवरी 2026 से दिल्ली में आधिकारिक तौर पर 'भारत टैक्सी ऐप' की शुरुआत होगी। यह एक देसी और सहकारी मॉडल पर आधारित कैब सर्विस है, जिसे Ola, Uber और Rapido जैसे निजी ऐप्स के सस्ते और भरोसेमंद विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। सरकार समर्थित इस पहल का मकसद यात्रियों को किफायती सफर देना और ड्राइवर्स को उनकी मेहनत का पूरा हक दिलाना है।
🟡क्या है भारत टैक्सी ऐप (What is Bharat Taxi App)
भारत टैक्सी एक मोबाइल बेस्ड कैब बुकिंग प्लेटफॉर्म है, जिसे आम यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इस ऐप के जरिए लोग ऑटो, कार और बाइक टैक्सी तीनों की बुकिंग कर सकेंगे। यह सेवा सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड के तहत शुरू की जा रही है, जिसे देश का पहला नेशनल मोबिलिटी कोऑपरेटिव माना जा रहा है। इसका संचालन पूरी तरह ड्राइवर-फ्रेंडली मॉडल पर आधारित है।

🟡Ola-Uber की सर्ज प्राइसिंग से मिलेगी राहत
भारत टैक्सी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें सर्ज प्राइसिंग नहीं होगी। यानी पीक टाइम, बारिश या ट्रैफिक के नाम पर किराया मनमाने तरीके से नहीं बढ़ेगा। किराया पहले से तय और पारदर्शी होगा, जिससे यात्रियों को पहले ही पता रहेगा कि उन्हें कितनी रकम चुकानी है। यही वजह है कि इस ऐप को आम लोगों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
🟡ड्राइवर्स के लिए गेम चेंजर मॉडल
भारत टैक्सी का फोकस सिर्फ यात्रियों पर नहीं, बल्कि ड्राइवर्स पर भी है। इस प्लेटफॉर्म पर जीरो-कमीशन या बेहद कम कमीशन मॉडल अपनाया गया है। ड्राइवर्स को अपनी कमाई का 80 फीसदी से ज्यादा हिस्सा सीधे मिलेगा। बाकी राशि भी उनके ऑपरेशन और वेलफेयर पर ही खर्च की जाएगी। निजी कैब कंपनियों से परेशान ड्राइवर्स के लिए यह मॉडल किसी राहत से कम नहीं है।
🟡लॉन्च से पहले ही जबरदस्त रिस्पॉन्स (Bharat Taxi App Launch)
लॉन्च से पहले ही दिल्ली में करीब 56 हजार ड्राइवर्स भारत टैक्सी ऐप पर रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। इससे साफ है कि ड्राइवर कम्युनिटी में इस ऐप को लेकर जबरदस्त उत्साह है। सरकार को उम्मीद है कि शुरुआत से ही यात्रियों को पर्याप्त संख्या में गाड़ियां मिलेंगी और इंतजार की समस्या नहीं होगी।
🟡मजबूत सहकारी समर्थन
भारत टैक्सी को आठ बड़ी सहकारी संस्थाओं का समर्थन हासिल है। इसमें अमूल, इफको, कृभको, नाफेड, एनडीडीबी, एनसीईएल, एनसीडीसी और नाबार्ड जैसे नाम शामिल हैं। यह प्लेटफॉर्म सहकार से समृद्धि के विजन से प्रेरित है, जिसका मकसद लाखों ड्राइवर्स को निजी कंपनियों पर निर्भरता से मुक्त करना है।
🟡सेफ्टी और टेक्नोलॉजी पर खास जोर
यात्रियों और ड्राइवर्स की सुरक्षा के लिए भारत टैक्सी ने दिल्ली पुलिस के साथ भी साझेदारी की है। ऐप में रियल टाइम ट्रैकिंग, वेरिफाइड ड्राइवर ऑनबोर्डिंग, मल्टीलिंगुअल सपोर्ट और 24x7 कस्टमर केयर जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा यह ऐप मेट्रो नेटवर्क से भी जुड़ा होगा, जिससे लोग मल्टीमॉडल जर्नी आसानी से प्लान कर सकेंगे।
🟡ऑटो, कार और बाइक एक ही ऐप पर
भारत टैक्सी ऐप पर ऑटो, कार और बाइक टैक्सी तीनों का ऑप्शन मिलेगा। इससे छोटी दूरी से लेकर लंबी यात्रा तक हर जरूरत के लिए एक ही प्लेटफॉर्म काफी होगा। फैमिली ट्रैवलर्स, ऑफिस जाने वाले लोग और टूरिस्ट्स सभी को ध्यान में रखकर यह सेवा तैयार की गई है।
🟡ऐप कहां मिलेगा और कब से बुकिंग?
Bharat Taxi मोबाइल ऐप फिलहाल गूगल प्ले स्टोर पर ट्रायल और फीडबैक के लिए उपलब्ध है। iOS वर्जन भी जल्द लॉन्च किया जाएगा। 1 जनवरी 2026 से दिल्ली में आम लोग इस ऐप के जरिए कैब बुक कर सकेंगे। दिल्ली के बाद गुजरात के राजकोट में भी यह सेवा शुरू की जाएगी और आगे चलकर देश के अन्य शहरों में विस्तार की योजना है।
🟡क्यों खास है भारत टैक्सी?
भारत टैक्सी को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यात्रियों के पैसे भी बचें और ड्राइवर्स की कमाई भी बढ़े। जहां निजी कंपनियां बड़ा हिस्सा कमीशन के रूप में ले लेती हैं, वहीं यहां ड्राइवर्स को उनकी मेहनत का ज्यादा फायदा मिलेगा। यही वजह है कि नए साल में 'भारत टैक्सी' को दिल्ली की सड़कों पर एक बड़े बदलाव की शुरुआत माना जा रहा है।













Click it and Unblock the Notifications