'कश्मीर तुम्हारा घर है राहुल, उम्मीद है गोडसे की विचारधारा ने...', भारत जोड़ो यात्रा के आखिरी दिन बोलीं महबूबा
Bharat Jodo Yatra: भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने 12 जनसभाओं, 100 से ज्यादा बैठकों और 13 प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का सोमवार को जम्मू-कश्मीर में आखिरी दिन था। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत कन्याकुमारी में पिछले साल 7 सितंबर को हुई थी। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरते हुए श्रीनगर में खत्म हुई। इस दौरान कांग्रेस ने श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में जनसभा बुलाई थी। समापन समारोह में श्रीनगर में पीडीपी महबूबा मुफ्ती ने कहा,''राहुल, तुमने कहा था कि तुम कश्मीर में अपने घर आ गए हो। यह तुम्हारा घर है। मुझे उम्मीद है कि गोडसे (नाथूराम गोडसे) की विचारधारा ने जम्मू-कश्मीर से जो छीन लिया, वह इस देश से वापस मिल जाएगा। गांधी जी ने कहा कि वह जम्मू-कश्मीर में आशा की किरण देख सकते हैं। आज देश राहुल गांधी में आशा की किरण देख सकता है।"
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के नेता उमर अब्दुल्ला ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष से देश के पश्चिम से पूर्व की ओर एक और यात्रा करने को कहा। उमर अब्दुल्ला ने कहा, ''यह एक बहुत ही सफल यात्रा रही है। राष्ट्र को इसकी जरूरत थी। यह साबित हो गया है कि ऐसे लोग हैं जो बीजेपी को पसंद करते हैं और ऐसे लोग हैं जो बीजेपी को छोड़कर एक नई सरकार चाहते हैं, जो सद्भाव चाहते हैं और एक-दूसरे के साथ शांति और प्यार से रहना चाहते हैं, कुछ ऐसा जो बीजेपी नहीं दे सकती।''
उमर अब्दुल्ला ने कहा, "यात्रा के इस अंतिम समारोह पर, मैं अपनी, अपने पिता और अपनी पार्टी की ओर से राहुल गांधी को बधाई देता हूं। यह यात्रा सफल रही है। इस यात्रा ने दिखाया है कि देश में ऐसे लोग हैं जो भाजपा को पसंद करते हैं लेकिन ऐसे लोग भी हैं जो दूसरे विचार की तरह जो भाईचारे का है।" अब्दुल्ला ने कहा, "मैं राहुल गांधी से पश्चिम से पूर्व की यात्रा करने का अनुरोध करता हूं। मैं उनके साथ चलना चाहूंगा।"
आरएसपी नेता प्रेमचंद्रन ने कांग्रेस नेता के साथ अपनी पार्टी की एकजुटता की घोषणा की। उन्होंने कहा, "एक ऐतिहासिक आंदोलन चलाया गया। राहुल गांधी ने साबित कर दिया है कि वह इन विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ लड़ने के लिए सही नेता हैं।"
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान, राहुल गांधी ने 12 जनसभाओं, 100 से ज्यादा बैठकों, 13 प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।












Click it and Unblock the Notifications