कभी आए ये मैसेज या इस नंबर से आए फोन, तो कट सकते हैं पैसे
नई दिल्ली। आजकल इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग के जरिए ही अधिकतर लोग अपनी ट्रांजैक्शन करते हैं। ऐसे में फ्रॉड करने वाले लोग भी इसका फायदा उठाकर लोगों को बेवकूफ बनाते हैं और फिर उनसे ठगी कर लेते हैं। आज एक ऐसे ही वाकये के बारे में हम आपको बताने जा रहे हैं, जिसमें एक महिला से ठगी की कोशिश की गई। हालांकि, उस महिला ने खुद को बचा लिया और आप बीती को फेसबुक पर शेयर भी किया।

OLX से शुरू हुई ये कहानी
यह घटना महाराष्ट्र के पुणे में रहने वाली वेलपुरी पवित्रा एस के साथ हुई है। महिला ने छोटे बच्चों को घुमाने वाली गाड़ी को बेचने के लिए उसका विज्ञापन OLX पर डाला। महिला के इस विज्ञापन को देख कर एक व्यक्ति ने उन्हें फोन किया और 3,500 रुपए में वह गाड़ी अपनी बहन के बच्चे के लिए खरीदना चाहता है। दोनों में डील फाइनल हो गई।

ऑनलाइन पैसे भेजे
व्यक्ति ने महिला से कहा कि वह मुंबई में रहता है और यह गाड़ी अपनी बहन के लिए खरीदना चाहता है जो पुणे में ही रहती है। इसके लिए उसके कहा कि वह पैसे ऑनलाइन ट्रांसफर कर देगा और उसकी बहन आकर गाड़ी ले जाएगी। महिला से डील फाइनल होने के बाद उसने ऑनलाइन पैसे भेजने के लिए महिला की बैंक डीटेल्स मांगी। सिर्फ 3 ही मिनट बाद महिला के फोन पर मैसेज आया कि उनकी बैंक खाते में 13,500 रुपए जमा किए गए हैं।

ऐसे करनी चाही ठगी
इसके बाद शख्स ने चैट करते हुए महिला से कहा कि उसने गलती से अपनी मां को भेजने वाले पैसे उन्हें भेज दिए हैं। वह शख्स बोला कि जो अतिरिक्त 10 हजार उनके खाते में जमा हो गए हैं वह उन्हें वापस कर दें। महिला ने व्यक्ति की बैंक डीटेल्स मांगी तो वह बोला कि पेटीएम ही कर दीजिए। उसने पेटीएम के लिए एक नंबर दिया और कहा कि यह उसकी मां का नंबर है, जो अस्पताल में एक बिल के भुगतान के लिए खड़ी हैं, इसलिए ये पैसे उस मोबाइल नंबर पर भेज दें।

यूं बची महिला
महिला को थोड़ा शक हुआ तो तुरंत उन्होंने अपना बैंक अकाउंट चेक किया। उन्हें पता चला कि उनके खाते में तो कोई पैसे जमा ही नहीं हुए हैं, सिर्फ उन्हें मैसेज भर आया है। इसके बाद वह समझ गईं कि उनके साथ धोखाधड़ी की जा रही है और उन्होंने फोन काट दिया। अगर आपके पास भी ऐसा कोई मैसेज या फोन आए तो संभल कर रहें।

ये हैं नंबर और मैसेज
जिस नंबर से यह मैसेज आया था, वह नंबर है 5944 और जिस नंबर से उस व्यक्ति ने फोन किया था, वह नंबर है 9967957477. इसके अलावा जिस नंबर पर पेटीएम करने को कहा जा रहा था, वह नंबर है- 8948413565. आपको बता दें कि 5944 जैसे नंबर से ग्रुप मैसेज जैसी सुविधाएं मिलती हैं। इस तरह के नंबर अक्सर मार्केटिंग कंपनियां खरीदती हैं। अगर आपको ऐसा कोई मैसेज या फोन आए तो सावधान रहें।












Click it and Unblock the Notifications