महिला ने दो बेटियों संग पंखे से लटककर दी जान, WhatsApp स्टेटस पर बताई वजह
बेंगलुरु। बेंगलुरु में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक महिला ने घर में अपनी दो बेटियों के साथ फांसी लगाकर जान दे दी। ये मामला बेंगलुरु के हनुमतनगर इलाके का बताया जा रहा है। इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में ले लिया। मृतका ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस में पति पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

मृतकों की पहचान राजेश्वरी (40), पीयूसी स्टूडेंट मनसा (17) और भूमिका (15) के रूप में हुई है, भूमिका क्लास 10 की छात्रा थी। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का कहना है कि पति सिद्धैया का तीन साल से एक महिला से अवैध संबंध था और वह अपने परिवार को ज्यादा वक्त नहीं देता था। उसने घर जाना भी बंद कर दिया था।
इस कारण से राजेश्वरी और उसकी दोनों बेटियां परेशान रहती थीं। घटना वाले दिन राजेश्वरी और दोनों बेटियों ने घर को बंद कर पंखे से लटककर अपनी जान दे दी, उस वक्त सिद्धैया घर पर नहीं था। इस घटना की भनक लोगों को तब लगी जब उन्होंने देखा कि घर अंदर से लॉक है और घर के अंदर से किसी की आवाज नहीं हो रही है।
पड़ोसियों ने कई बार आवाज दी लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, इसके बाद लोगों ने दरवाजा तोड़ दिया तो देखा कि राजेश्वरी और दोनों बेटियां पंखे से लटक रही थीं। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है लेकिन राजेश्वरी ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा कि सिद्धैया ने उनकी जिंदगी बर्बाद कर दी और उनकी मौत के लिए वही जिम्मेदार है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन की जा रही है।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications