ऑक्सीजन की कमी पर बेंगलुरु अस्पताल भड़का, कहा-200 मरीजों की जान अटकी, इसे दूसरा चामराजनगर मत बनाइए
ऑक्सीजन की कमी पर बेंगलुरु अस्पताल भड़का, कहा-200 मरीजों की जान अटकी, इसे दूसरा चामराजनगर मत बनाइए
बेंगलुरु, 04 मई: कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच पूरे देश भर में इस वक्त अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी है। हर दिन किसी-न-किसी अस्पताल में मेडिकल ऑक्सीजन की कमी से मरीज दम तोड़ रहे हैं। इसी क्रम में बेंगलुरु के दो अस्पतालों ने ऑक्सीजन की कमी को लेकर अलर्ट जारी किया। बेंगलुरु के आरटी नगर के मेडैक्स अस्पताल और राजाराजेश्वरी मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी से कई मरीजों की जान पर बन आई थी। मेडैक्स अस्पताल और राजाराजेश्वरी मेडिकल कॉलेज ने अपने अलर्ट में कहा कि उनके अस्पतालों में ऑक्सीजन की आपूर्ति जल्द से जल्द की जाए क्योंकि 3 मई को शाम 5 बजे का ही ऑक्सीजन उनके अस्पताल में था। मेडैक्स अस्पताल ने एक मरीज के परिवार को लिखे पत्र में उन्हें ऑक्सीजन संकट के कारण मरीज को अलग अस्पताल में शिफ्ट करने को कहा।
Recommended Video

राजराजेश्वरी मेडिकल कॉलेज के एक अधिकारी ने वीडियो शेयर कर कहा कि उनके ऑक्सीजन की जरूरत है। राजराजेश्वरी मेडिकल कॉलेज मेडिकल स्टाफ ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा से जीवन रक्षक गैस ऑक्सीजन की आपूर्ति करने का आग्रह किया। वीडियो में उन्होंने कहा, ''अस्पताल में 200 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं और सिर्फ 5 बजे तक की ऑक्सीजन हमारे यहां बची हुई है। इन 200 मरीजों की जान संकट में है। प्लीज चामराजनगर जैसी दूसरी घटना यहां मत होने दीजिए, इसे रोकिए...।''
चामराजनगर के अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से हुई 24 मरीजों की मौत
बता दें कि 03 मई को ऑक्सीजन की कमी से कर्नाटक के चामराजनगर के जिला अस्पताल में कोरोना के 12 मरीजों समेत 24 मरीजों की मौत हो गई थी। सभी मरीज अस्पातल के आईसीयू में भर्ती थे। मरीजों की मौत ऑक्सीजन की कमी और सप्लाई बंद होने से हुई। वहीं कलबुर्गी के केबीएन अस्पताल में भी शनिवार (1 मई) को कोरोना के 4 मरीजों की मौत ऑक्सीजन की कमी से हो गई थी। वहीं इससे पहले बिजली जाने से यादगीर के सरकारी अस्पताल में भी एक कोरोना मरीज की मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications