Bengaluru Cylinder Explosion: सिलेंडर विस्फोट से मची चीखपुकार, 10 साल के बच्चे की मौत-9 घायल, 6 घर तबाह
Bengaluru Cylinder Explosion: बेंगलुरु के विल्सन गार्डन इलाके में शुक्रवार (15 अगस्त) सुबह एक भीषण सिलेंडर विस्फोट ने चिन्नयनपाल्या की घनी बस्ती में हड़कंप मचा दिया। इस हादसे में 10 वर्षीय बच्चे मुबारक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 9 अन्य लोग घायल हो गए। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के करीब छह घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिनमें से ज्यादातर एक ही गली में स्थित थे।
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 8:30 बजे विस्फोट की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल विभाग, बम निरोधक दस्ता, आतंकवाद निरोधी दस्ता और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बचाव कार्य अभी भी चल रहा है, और क्षतिग्रस्त मकानों की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है।

विस्फोट का कारण अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सिलेंडर लीक होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन हादसे का सटीक कारण जानने के लिए विस्तृत जांच की जरूरत है। उन्होंने कहा, 'विस्फोट जिस मकान में हुआ, वहां एक तीन सदस्यों का परिवार किराए पर रहता था। परिवार का मुखिया सुबह काम पर गया था, जबकि उसकी पत्नी और बच्चा विस्फोट में घायल हो गए। मृत बच्चा पड़ोसी मकान का था।'
मुख्यमंत्री ने की सहायता की घोषणा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन करने की घोषणा की। उन्होंने कहा, 'यह बेहद दुखद घटना है। सभी घायलों का इलाज सुनिश्चित किया जा रहा है।'
जांच और बचाव कार्य जारी
पुलिस और अन्य टीमें हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही हैं। क्षतिग्रस्त मकानों की मरम्मत और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाए हैं। यह घटना शहर में गैस सिलेंडरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
अधिक जानकारी के लिए बने रहें।
ये भी पढ़ें- Bengaluru Metro: इंतजार खत्म, बेंगलुरु मेट्रो के येलो लाइन का PM मोदी ने किया उद्घाटन, जानिए कितना है किराया?












Click it and Unblock the Notifications