बेंगलुरु चर्च स्ट्रीट ब्लास्ट: एनआईए ने भटकल से दो लोगों को हिरासत में लिया
बेंगलुरु। बेंगलुरु चर्च ब्लास्ट के करीब दो हफ्ते के बाद एनआईए ने इस ब्लास्ट के सिलसिले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। एनआईए और इंटेलीजेंस ब्यूरो की ओर से मिलकर चलाए गए एक ज्वाइंट ऑपरेशन के तहत इन लोगों को कर्नाटक के भटकल से हिरासत में लिया गया।

एनआईए के हाथ लगे विस्फोटक
इन दोनों का नाम सद्दाम और मोहम्मद आसिफ बताया जा रहा है। इन दोनों को एनआईए ने सिटी क्राइम ब्रांच (सीसीबी) को पूछताछ के लिए सौंप दिया है। ब्लास्ट की जांच में लगे जांचकर्ताओं के मुताबिक इन दोनों के पास विस्फोटक भी बरामद हुआ है। सूत्रों का दावा है कि हिरासत के समय इनके पास से डेटोनेटर्स और टाइमर्स एनआईए को मिले हैं।
संगठन के बारे में कोई जानकारी नहीं
फिलहाल अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि यह दोनों किस संगठन से आते हैं। इस बारे में इनसे पूछताछ जारी है और जल्द ही इस बारे में भी सीसीबी को जानकारी मिल जाएगी।
चर्च स्ट्रीट ब्लास्ट की जांच में एजेंसियां काफी धीमी गति से प्रगति कर रही थी। पुलिस ने इस सिलसिले में कई लोगों से पूछताछ की जिसमें से एक शख्स को बिहार से भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। लेकिन पुलिस को उसके पास से भी ज्यादा जानकारियां हासिल नहीं हो सकीं थीं।
पुलिस ने तैयार किए स्केच
प्रत्यक्षदर्शियों की ओर से दी गई जानकारी से अलग पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी आरोपियों के स्केच तैयार किए हैं। पुलिस को इस बारे में जानकारी मिली थी कि चर्च स्ट्रीट ब्लास्ट में घटनास्थल पर बम रखने वाले व्यक्ति ने काले रंग के कपड़े पहने हुए थे।
पुलिस ने मध्य प्रदेश पुलिस से भी खंडवा की जेल तोड़कर भागे सिमी के पांच सदस्यों के बारे में भी जानकारी ली थी। लेकिन मध्य प्रदेश पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को देखकर इस बात से इंकार कर दिया था कि यह वही व्यक्ति है जो खंडवा की जेल को तोड़कर भागा था।












Click it and Unblock the Notifications