कोलकाताः एक्ट्रेस से मारपीट के मामले में बंगाली ऐक्टर जॉय मुखर्जी को मिली जमानत
कोलकाता। बंगाली टीवी एक्टर जॉय मुखर्जी को पुलिस ने गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस सयंतिका बनर्जी पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सयंतिका का आरोप है कि वे जब अपने कोलकाता स्थित घर लौट रही थीं, तब जॉय ने उन पर हमला किया।

जॉय ने सयंतिका बनर्जी की कार का पीछा किया
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 32 वर्षीय एक्ट्रेस सयंतिका बनर्जी जब शुक्रवार की शाम को जिम से वापस अपने घर लौट रही थी, तब जॉय ने उनकी कार का पीछा किया। जब एक्ट्रेस की कार साउथ एवेन्यू पहुंची तो जॉय ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की।

जॉय ने सयंतिका के पीए को पीटा
जॉय ने अपने वाहन से उनकी कार रोक दी और वे उनसे हाथापाई करने लगे। जब सयंतिका के पीए ने बीच बचाव किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। सयंतिका ने तत्काल इसकी शिकायत पुलिस में की।

जॉय 500 रुपए के निजी मुचलके पर रिहा
पुलिस ने जॉय की कार जब्त की है। उन पर आईपीसी की धारा 279, 341 और 323 के तहत मुकदमा दायर किया गया है। शनिवार को पुलिस ने जॉय को कोर्ट में पेश किया। इसके बाद जॉय 500 रुपए के निजी मुचलके पर छोड़ दिए गए। बताया जा रहा है कि दोनों ही लंबे समय से रिलेशनशिप में थे। लेकिन किसी कारण से दोनों के बीच दूरियां आ गई। जिसके बाद से दोनों में विवाद चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications