Bengal SIR: एसआईआर के खिलाफ ममता बनर्जी का कोलकाता से दिल्ली तक हल्ला बोल, EC दफ्तर के सामने देंगी धरना
Bengal SIR: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) के खिलाफ ममता बनर्जी एक्शन मोड में हैं। तृणमूल कांग्रेस और चुनाव आयोग के बीच टकराव लगातार बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अब इस मुद्दे पर कोलकाता से लेकर दिल्ली तक संग्राम के मूड में हैं। खबर है कि पश्चिम बंगाल की सीएम अब दिल्ली में चुनाव आयोग के दफ्तर के सामने धरना देंगी।
करीब 1.5 करोड़ मतदाताओं को नोटिस जारी होने के बाद उन्होंने SIR के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। राज्य में विरोध दर्ज कराने के बाद ममता बनर्जी दिल्ली पहुंचकर चुनाव आयोग और बीजेपी से दो-दो हाथ के मूड में हैं।

Bengal SIR: अभिषेक बनर्जी भी पहुंचेंगे दिल्ली
डायमंड हार्बर से टीएमसी सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी मंगलवार शाम को दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, वह ममता बनर्जी के साथ मिलकर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रस्तावित विरोध कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। अभिषेक SIR के खिलाफ लगातार मुखरता से सवाल उठा रहे हैं। दोनों शीर्ष नेता 3 फरवरी तक दिल्ली में रह सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस दौरान वह विपक्षी दलों को भी अपने समर्थन में लामबंद करने की कोशिश करेंगी।
Mamata Banerjee चुनाव आयोग के सामने देंगी धरना
पहले ममता बनर्जी का फरवरी में दिल्ली आने का कार्यक्रम था। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मौजूदा हालात को देखते हुए इसे अब पहले ही शिफ्ट कर दिया गया है। SIR प्रक्रिया के तहत लगभग 1.5 करोड़ वोटरों को 'लॉजिकल डिफरेंस' और 'अनमैप्ड' श्रेणी में नोटिस जारी किए गए हैं। इन वोटरों को राज्यभर में बनाए गए हियरिंग सेंटरों पर पेश होने को कहा गया है। इससे सरकार और सत्तारूढ़ पार्टी ने गंभीर आपत्ति जताई है।
Mamata Banerjee के कार्यक्रम की टीएमसी कर रही तैयारी
- सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी के दिल्ली पहुंचने के बाद उनके कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
- टीएमसी सांसद और पार्टी नेता गुरुवार से चुनाव आयोग के दफ्तर के सामने धरना दे सकते हैं और चुनाव आयोग से SIR रोकने की मांग करेंगे।
- ममता बनर्जी पहले ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस मुद्दे पर पत्र लिख चुकी हैं और इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए खतरनाक करार दे चुकी हैं।
Mamata Banerjee ने बीजेपी पर बिना नाम लिए साधा निशाना
SIR की प्रक्रिया 4 नवंबर को बंगाल में शुरू हुई थी। उसी दिन ममता और अभिषेक बनर्जी ने कोलकाता में एक मार्च निकालकर इसका विरोध किया था। हाल में अभिषेक बनर्जी ने संकेत दिए थे कि पार्टी नेतृत्व दिल्ली जाकर चुनाव आयोग पर दबाव बढ़ाएगा। इस बीच, वाटगंज के दाइघाट में एक नए श्मशान घाट के शिलान्यास के दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि कुछ लोग बंगाल में अशांति फैलाना चाहते हैं। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि बंगाल को सुकून चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications