Bengal SIR: वोटर लिस्ट ड्राफ्ट पर भारी बवाल, लेकिन 17 दिन में आयोग के पास पहुंची सिर्फ 8 अपील
Bengal SIR: पश्चिम बंगाल में आगामी चुनावों की तैयारियां चल रही हैं। ड्राफ्ट मतदाता सूची (Draft Electoral Roll) भी प्रकाशित हो चुकी है। हालांकि, टीएमसी और दूसरी पार्टियां बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया पर तीखी प्रतिक्रिया दे रही हैं। पिछले दिनों टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी अपनी पार्टी के 10 सांसदों के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त से भी मिलने गए थे। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित हुए 17 दिन हो गए हैं, लेकिन अब तक सिर्फ 8 अपील ही दायर की गई है।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशन के बाद दर्ज कराई गई आपत्तियों की बेहद कम संख्या ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में सवाल खड़े कर दिए हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक केवल 8 अपील ही दाखिल की गई हैं। इसमें भी किसी अयोग्य व्यक्ति के नाम को लेकर एक भी औपचारिक आपत्ति दर्ज नहीं की गई है।

Bengal SIR: अपील की कम संख्या पर राजनीतिक संग्राम
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों का कहना है कि ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद राजनीतिक दलों, बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) और आम मतदाताओं को आपत्ति दर्ज कराने के लिए पर्याप्त समय दिया गया है। इसके बावजूद इतनी कम संख्या में दर्ज हुई आपत्ति पर राजनीतिक संग्राम भी शुरू हो गया है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि देश भर में एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को लेकर टीएमसी, कांग्रेस समेत कई दलों ने विरोध किया है। चुनाव आयोग के मौका दिए जाने के बाद भी इनके प्रतिनिधि आयोग के पास आपत्ति दर्ज कराने नहीं पहुंच रहे हैं। इससे स्पष्ट हो गया है कि चुनाव आयोग की प्रक्रिया में कोई कमी नहीं है। दूसरी ओर टीएमसी और कांग्रेस का कहना है कि एसआईआर में लोगों के नाम काटे जा रहे हैं।
Bengal SIR News: टीएमसी ने दर्ज कराई सिर्फ 3 आपत्तियां
- चुनाव आयोग का कहना है कि नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए पर्याप्त समय और अवसर दिया गया है। इसके बावजूद अपीलों की संख्या सिर्फ 8 रही है।
- आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक दर्ज कराई गई आठ अपीलों में से तीन अपील सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) की ओर से दाखिल की गई हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी CPM की ओर से दो अपीलें दर्ज की गई हैं।
- भारतीय जनता पार्टी (BJP), फॉरवर्ड ब्लॉक और बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने एक-एक मतदाता का नाम जोड़ने के लिए अपील दी है।
Bengal में लाखों की संख्या में बूथ लेवल एजेंट हैं सक्रिय
बंगाल में बूथ लेवल एजेंट की संख्या की बात करें तो प्रदेश में कुल 2 लाख 7 हजार 1 बूथ लेवल एजेंट सक्रिय हैं। इसके बावजूद पहले ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद गिनती की 8 अपील दर्ज कराई गई हैं। बूथ लेवल एजेंट की बात करें, तो इनमें सबसे अधिक 77,091 बीएलए तृणमूल कांग्रेस के हैं। मुख्य विपक्षी दल भाजपा के 60,186 एजेंट राज्यभर में तैनात हैं। CPM के 49,079 और कांग्रेस के 18,733 बूथ लेवल एजेंट सक्रिय हैं। इसके अलावा फॉरवर्ड ब्लॉक के 1,885 और बहुजन समाज पार्टी के केवल 21 बीएलए हैं।
चुनाव आयोग ने मतदाताओं से की अपील
इतनी बड़ी संख्या में बीएलए होने के बावजूद ड्राफ्ट मतदाता सूची पर आपत्तियां न के बराबर दर्ज की गई हैं। निर्वाचन आयोग का कहना है कि ड्राफ्ट सूची की जांच करना राजनीतिक दलों और उनके एजेंटों की जिम्मेदारी है। आयोग ने कहा कि हम चुनाव से पहले मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए काम कर रहे हैं। आयोग ने एक बार फिर सभी राजनीतिक दलों और मतदाताओं से अपील की है कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची की जांच करें। आयोग ने कहा है कि अगर किसी तरह की त्रुटि या आपत्ति हो, तो तय समयसीमा के भीतर अपील दर्ज कराएं।












Click it and Unblock the Notifications