बंगाल: हल्दिया के इंडियन ऑयल कैंपस में भीषण आग, 3 की मौत
नई दिल्ली, 21 दिसंबर: पश्चिम बंगाल में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां हल्दिया के इंडियन ऑयल कैंपस में भीषण आग लग गई। घटना में अब तक 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, साथ ही सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल शिफ्ट किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी जांच के आदेश दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक इंडियन ऑयल के हल्दिया कैंपस में मंगलवार को एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के बाद एक प्लांट में शटडाउन का काम चल रहा था, लेकिन तभी ड्रिलिंग के दौरान वहां पर विस्फोट हो गया। आनन-फानन में आईओसी के अलावा दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू हुआ। आग तो कड़ी मेहनत के बाद बुझा दी गई, लेकिन तब तक वहां मौजूद 3 लोगों ने दम तोड़ दिया था।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक घायलों को तुरंत इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अस्पताल और कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। साथ ही पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक विस्फोट की ठोस वजह का पता नहीं चल पाया।
इंडियन ऑयल ने जारी किया बयान
IOC ने घटना के बाद कहा कि मॉक ड्रिल पूरा हो जाने के बाद ये हादसा हुआ, जिसमें 3 लोगों की मौत हुई, जबकि 30 लोग घायल हैं। इसमें से 12 घायलों को कोलकाता रेफर कर दिया गया। कंपनी ने अपने स्तर पर हादसे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय प्रशासन भी घटना की जांच कर रहा है।
सीएम ने कही ये बात
वहीं घटना पर सीएम ममता बनर्जी ने ट्वीट कर लिखा कि हल्दिया की घटना पर दुख है। तीन लोगों की जान घटना में गई, उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना है। घायलों को ग्रीन कॉरिडोर के जरिए कोलकाता लाया जा रहा है। जीओडब्ल्यूबी उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ को सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगा।












Click it and Unblock the Notifications