बंगाल: शुभेंदु अधिकारी ने बताई TMC छोड़ने की वजह, कहा- वो पार्टी नहीं एक 'कंपनी' है
West Bengal Election 2021: बिहार के बाद अब पश्चिम बंगाल में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं, जिस वजह से वहां पर जोड़-तोड़ की राजनीति जारी है। हाल ही में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खास रहे शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने मंत्री पद से इस्तीफा देते हुए टीएमसी को छोड़ दिया था। इसके बाद वो अमित शाह की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हुए। टीएमसी से निकलने के बाद से ही शुभेंदु सीएम ममता और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हमलावर हैं। रविवार को उन्होंने टीएमसी छोड़ने की वजह बताई। साथ ही ममता सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

बीजेपी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि मैंने 21 साल टीएमसी में बिताए, इस राजनीतिक करियर को लेकर मैं शर्मिंदा हूं। जिस पार्टी से मैं जुड़ा था, उसमें कोई अनुशासन नहीं बचा है। अब वो पार्टी एक कंपनी में बदल गई है, जिसको चाची और भतीजे मिलकर चला रहे हैं। यहां पर शुभेंदु का निशाना ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक पर था। अधिकारी के मुताबिक अब बंगाल को पीएम मोदी के मार्गदर्शन की जरूरत है। आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान के कारण ही हम पश्चिम बंगाल में रह सकते हैं।
अभिषेक ने शुभेंदु पर साधा निशाना
वहीं रविवार को ही सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी ने शुभेंदु पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर वो साबित कर दें कि मैं तोलाबाज यानी रंगदार हूं, तो खुले मंच पर फांसी लगा लूंगा। इसके लिए उनके पीछे सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग को लगाने की जरूरत नहीं है। उनके मुताबिक शुभेंदु के घर के दो सदस्य अभी भी टीएमसी से सांसद हैं, ऐसे में खुद उन्हें घर जाने में शर्म आनी चाहिए। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जितना भी दोष है, सब उनका है। सीमा पर गाय की तस्करी होती है। इस मामले में बीएसएफ के कमांडेंट गिरफ्तार हो चुके हैं। गृहमंत्री होने के नाते बीएसएफ का दायित्व अमित शाह का है, जिस वजह से उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications