विधानसभा चुनाव से पहले इन 5 राज्यों में बीजेपी के लिए सेमीफाइनल जीतना बड़ी चुनौती, जानिए पूरा गणित
नई दिल्ली, 01 दिसंबर: आने वाले साल की शुरुआत में 5 राज्यों के चुनाव होने वाले हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के लिए एक सेमीफाइनल आ गया है, जिसको जीतना बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। इन चुनावों का रिजल्ट बीजेपी की दिशा को तय करेगा कि जनता का मूड फिलहाल क्या है? भारत में आगामी स्थानीय निकाय चुनाव 2021 के तहत महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और कोलकाता चुनावों की पूरी लिस्ट जारी हो चुकी है। कई राज्यों में विधान परिषदों के चुनाव दिसंबर में होंगे। इसके अलावा चुनाव आयोग इस महीने के अंत में कोलकाता और छत्तीसगढ़ में नगर निकाय के लिए चुनाव कराएगा। ऐसे में दिसंबर के महीने में होने वाले चुनावों का पूरा शेड्यूल क्या है जानिए?

जानिए दिसंबर में कहां-कहां है चुनाव
आगामी स्थानीय निकाय चुनाव 2021 के तहत बीएमसी, कर्नाटक, तेलंगाना, कोलकाता, हावड़ा और छत्तीसगढ़ चुनावों की पूरी अनुसूची जारी हो गई है।
- 10 दिसंबर, शुक्रवार को बीएमसी (बृहन्मुंबई नगर निगम) का चुनाव होगा।
- 10 दिसंबर, शुक्रवार को महाराष्ट्र, कर्नाटक और तेलंगाना में एमएलसी चुनाव होंगे।
- 19 दिसंबर, रविवार को कोलकाता और हावड़ा नगर निगम के लिए वोट डलेंगे।
- 20 दिसंबर, सोमवार को छत्तीसगढ़ शहरी निकाय चुनाव के लिए मतदान होगा।

तीन राज्यों में एमएलसी चुनाव
महाराष्ट्र एमएलसी चुनाव के लिए दो सीटों - नागपुर और अकोला-बुलढाणा-वाशिम सीटों के लिए चुनाव 10 दिसंबर को होंगे। यहां मतगणना 14 दिसंबर को होगी। इससे पहले भाजपा के दो और शिवसेना और कांग्रेस के एक-एक उम्मीदवार राज्य विधान परिषद के लिए निर्विरोध चुने जा चुके हैं। इधर चुनाव आयोग 10 दिसंबर को 25 सीटों के लिए कर्नाटक विधान परिषद का चुनाव कराएगा। वहीं तेलंगाना एमएलसी चुनाव के लिए सीटों पर 10 दिसंबर को मतदान होगा।

कोलकाता नगर निगम चुनाव
ऐसे में एमएलसी चुनाव होने के बाद स्थानीय चुनावों का रण शुरू होने वाला है। कोलकाता नगर निगम की 144 सीटों के लिए चुनाव 19 दिसंबर को होगा और मतगणना 22 दिसंबर को होगी। टीएमसी, बीजेपी, वाम मोर्चा और कांग्रेस ने आगामी चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा पहले ही कर दी है। हालांकि, हावड़ा निकाय चुनावों को लेकर अभी भी अनिश्चितता है, क्योंकि भाजपा ने कलकत्ता उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर कर सवाल किया है कि सभी निकाय चुनाव एक ही चरण में क्यों नहीं कराए जा रहे हैं। अदालत की मंजूरी मिलने पर हावड़ा नगर निगम 50 सीटों पर चुनाव कराएगा।

छत्तीसगढ़ में नगर निकाय चुनाव
छत्तीसगढ़ के दस जिलों के चार नगर निगमों समेत 15 नगरीय निकायों के लिए 20 दिसंबर को मतदान होगा। इसके अलावा उसी दिन 16 नगर निकायों के 17 वार्डों के लिए भी उपचुनाव होंगे। चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 27 नवंबर से शुरू हुई थी और नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 3 दिसंबर है।

बीजेपी के लिए यह चुनाव बड़ी परीक्षा
ऐसे में जहां आने वाली साल में 7 राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने हैं। इनमें पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, गोवा, मणिपुर और हिमाचल प्रदेश है, हालांकि 5 राज्यों के चुनाव 2022 की शुरुआत में होने की उम्मीद है। वहीं हिमाचल प्रदेश और गुजरात में चुनाव साल की अंत हो सकते हैं। सारी पार्टियां चुनावों पर फोकस कर रही है। इस बीच देश की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी बीजेपी के लिए इस दिसंबर में होने वाले चुनाव सेमीफाइनल का काम करेगी, क्योंकि हाल ही में त्रिपुरा में निकाय चुनाव में सत्ताधारी बीजेपी ने बहुत अच्छा प्रदर्शन करते हुए 334 में से 329 सीटों पर कब्जा जमाया है, हालांकि ऐसा लग रहा था कि त्रिपुरा में बीजेपी के विरोध में हवा है लेकिन परिणाम बिल्कुल उलट थे। वहीं अब कृषि कानून को भी वापस ले लिया है, जिससे काफी हद तक विरोध को कंट्रोल करने में बीजेपी सफल हो रही है। ऐसे में अब इन चुनावों के रिजल्ट बताएंगे कि आखिर आने वाले चुनावों की क्या स्थिति हो सकती है, क्योंकि इन चुनावों के परिणाम एक नई तस्वीर दिखाने का काम करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications