बांग्लादेश हिंसा के बीच अब तक कितने छात्र भारत आए? सरकार ने दिया बड़ा अपडेट
Bangladesh Violence: सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ बांग्लादेश में हिंसा भड़क गई है। हिंसा से बांग्लादेश के हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं।
वहीं, छात्रों के हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए बांग्लादेश पुलिस ने सख्त कर्फ्यू लागू कर दिया है। इस बीच बांग्लादेश में फंसे 978 भारतीय छात्र स्वदेश लौट आए हैं।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, अब तक, 778 भारतीय छात्र विभिन्न भूमि बंदरगाहों के माध्यम से भारत लौट आए हैं। इसके अलावा, लगभग 200 छात्र ढाका और चटगांव हवाई अड्डों के माध्यम से नियमित उड़ान सेवाओं द्वारा स्वदेश लौट आए हैं।
वहीं, ढाका में भारतीय उच्चायोग और हमारे सहायक उच्चायोग बांग्लादेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में शेष 4000 से अधिक छात्रों के साथ नियमित संपर्क में हैं और आवश्यक सहायता प्रदान कर रहे हैं।
उनकी वापसी के लिए भी इंतजाम किया जा रहा है। इतना ही नहीं, नेपाल और भूटान के छात्रों को भी अनुरोध पर भारत में प्रवेश करने में सहायता की गई है।
बांग्लादेश से वापस लौटे एक छात्र ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि कई छात्रों ने हवाई टिकट बुक किए थे। चूंकि कर्फ्यू लगा हुआ है, इसलिए वे हवाई अड्डे तक नहीं पहुंच पाए।
कई उड़ानें भी रद्द कर दी गईं। अभी भी कई भारतीय छात्र विश्वविद्यालयों के छात्रावासों में हैं, जहां माहौल अभी भी शांतिपूर्ण है।
आपको बता दें कि बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच ढाका में भारतीय उच्चायोग भारतीय छात्रों की भारत-बांग्लादेश सीमा पर क्रॉसिंग पॉइंट तक सुरक्षित पहुंचने के लिए काम कर रहा है।
विदेश मंत्रालय (MEA) भारतीय नागरिकों के लिए सुगम मार्ग की सुविधा के लिए नागरिक उड्डयन, आव्रजन, भूमि बंदरगाहों और सीमा सुरक्षा बल (BSF) सहित विभिन्न एजेंसियों के साथ संपर्क में है।












Click it and Unblock the Notifications