'हम चाह कर भी...': बांग्लादेशी शरणार्थियों से BSF अफसर ने ऐसा क्या कहा, जो हो गया वायरल
Bangladesh News: भारत-बांग्लादेश सीमा पर पानी में खड़े सैकड़ों बांग्लादेशी सैलानियों से बीएसएफ के एक अफसर की बातचीत इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत रही है। हालात के मारे बांग्लादेशी शरणार्थियों से बीएसएफ का यह अधिकारी जिस धैर्य के साथ बात कर रहा है, उसकी बहुत सराहना हो रही है। पूरा वीडियो इस रिपोर्ट के अंत में देख सकते हैं।
इंडियन एक्सप्रेस के इस वीडियो को शिवसेना के राज्यसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने भी एक्स पर शेयर किया है। यह वीडियो पश्चिम बंगाल के कूच बिहार इलाके का का है, जहां यह बांग्लादेशी शरणार्थी बीएसएफ से भारत में घुसने देने की मिन्नतें कर रहे हैं और बीएसएफ का यह अधिकारी उनके दुख को समझकर भी उन्हें भारत में नहीं घुसने देने को लेकर अपनी लाचारी जता रहा है।

'अगर हम चाहें भी तो हम आपको नहीं आने दे सकते'
वीडियो में यह अधिकारी बांग्ला भाषा में ही बांग्लादेशी शरणार्थियों से बातें कर रहा है। इस वीडियो में एक जगह बीएसएफ अधिकारी को यह कहते हुए सुना जा रहा है,'आप जिस समस्या का सामना कर रहे हैं, हम सबको पता है। आप यहां आ गए हैं, लेकिन बातचीत की जरूरत है। इस तरह से समस्या का समाधान नहीं हो सकता। अगर हम चाहें भी तो हम आपको नहीं आने दे सकते।'
संयम के साथ बांग्लादेशी शरणार्थियों को समझाने में जुटा रहा अफसर
दूसरी तरफ जो भीड़ खड़ी है, वह बांग्लादेश के कट्टरपंथियों की सतायी हुई है। उसे सिर्फ एक मौका चाहिए, भारत में आकर जान बचाने का। वह किसी भी हालात में भारत में घुसने देने की मांग कर रहे हैं। जब वह बीएसएफ की बात सुनने को तैयार नहीं होते दिख रहे हैं, फिर भी अधिकारी अपना संयम नहीं खो रहा है।
'हम देखेंगे कि हम आपकी रक्षा कैसे कर सकते हैं'
वह बांग्लादेश से आए लोगों से कह रहा है, 'कृप्या मुझे सुनिए। चिल्लाने से कुछ भी नहीं हो पाएगा। पूरी दुनिया को आपकी समस्या के बारे में पता है। लेकिन, एक चर्चा आवश्यक है। एक बार चर्चा हो जाती है, हम देखेंगे कि हम आपकी रक्षा कैसे कर सकते हैं। आप देख सकते हैं, यहां पर वरिष्ठ अधिकारी हैं। लेकिन, अगर आप कहेंगे कि हम आपको तत्काल आने दें तो क्या यह संभव है?'
'मैं आप लोगों से अपने देश की ओर से अनुरोध कर रहा हूं'
इस वीडियो में वह अधिकारी आगे कहता सुना जा रहा है, 'मैं आप लोगों से अपने देश की ओर से अनुरोध कर रहा हूं। आपकी समस्या का बातचीत के जरिए समाधान निकलेगा। हम आपसे आग्रह करेंगे कि वापस लौट जाएं, एक या दो घंटे में समाधान नहीं निकल सकता।'
'वे हमारे घरों को जला देंगे....'
भीड़ की अपनी चिंता है, जो वाजिब है। जिस तरह से बांग्लादेश में कट्टरपंथी ताकतों का कब्जा हो गया है और नई अंतरिम सरकार से भी बहुत ज्यादा उम्मीद नहीं लगती है, उनके सामने सीमा सुरक्षा बल के लोगों से मिन्नतें करने के अलावा कोई उपाय नहीं है। भीड़ चिल्लाती है। भीड़ आवाज लगाती है, 'वे हमारे घरों को जला देंगे....हमें अत्याचारों का सामना करना होगा....'
हताशा देखने से दिल टूट जाता है....मिलिंद देवड़ा
देवड़ा ने वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर अपने कमेंट में लिखा है, 'यह वीडियो जिसमें एक बीएसएफ अफसर शांतिपूर्वक तरीके से बांग्लादेशियों को समझा रहा है कि वे भारत में अवैध तरीके से क्यों प्रवेश नहीं कर सकते.... एक साथ हृदय विदारक, प्रेरणादायक और भरोसा दिलाने वाला है।'
शिवसेना सांसद लिखते हैं, 'हताशा देखने से दिल टूट जाता है.... अफसर का शांत स्वभाव देखकर एक प्रेरणा मिलती है, यह जानकर तसल्ली मिलती है कि सरकार भारत की सीमाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है...'
बांग्लादेश में जब से पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना इस्तीफा देकर और देश छोड़कर भारत आई हैं, उसे एक तरह से कट्टरपंथियों ने अपने कब्जे में कर रखा है। खासकर हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है। उनकी हत्याएं हो रही हैं, घर जलाए जा रहे हैं, दुकानें लूटी जा रही हैं, महिलाओं का यौन उत्पीड़न हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications