बालासोर रेल दुर्घटना: रॉकेट की रफ्तार से बढ़ा विमान किराया, त्रासदी में भी लूट! कहां हो सरकार?
Balasore train accident:विमान कंपनियों ने इतनी बड़ी त्रासदी में भी लूट मचाने का मौका नहीं छोड़ा है। कोलकाता से तमाम विमानों के किराए में भारी बढ़ोतरी कर दी गई।

Coromandel express Train accident in Balasore Odisha: देश इस समय अपनी एक सबसे बड़ी ट्रेन दुर्घटना की त्रासदी से गुजर रहा है। इस हादसे में हजारों परिवार को जिंदगी भर का जख्म मिला है। लेकिन,एयरलाइंस कंपनियों ने ऐसे समय में भी विमान टिकट में लूट मचा रखी है।

ट्रेन हादसे के बाद बढ़ गया विमान किराया
ओडिशा के बालासोर जिले में हुई ट्रेन दुर्घटना की खबर आते ही विमान किराए ने रॉकेट की रफ्तार से तेजी पकड़ ली। हादसे के बाद से जैसे ही कोलकाता से भुवनेश्वर, विशाखापत्तनम, हैदराबाद, चेन्नई या बेंगलुरु के लिए विमान टिकट की मांग बढ़ने लगी, फ्लाइट के किराए में अकल्पनीय तौर पर तेजी आ गई।

रेल दुर्घटना की खबर मिलते ही बढ़ने लगा विमान किराया
विमान यात्रियों ने बताया कि शुक्रवार शाम को कोलकाता में जैसे ही ट्रेन दुर्घटना की सूचना पहुंची, जिन यात्रियों ने इन जगहों के लिए ट्रेनों में टिकटें बुक करा रखे थे, उन्होंने विमान टिकटों की तलाश शुरू कर दी। इसके तुरंत बाद से विमान टिकट के दाम बेतहाशा बढ़ने शुरू हो गए।

विमान किराए ने पकड़ी रॉकेट की रफ्तार
उदाहरण के लिए कोलकाता से रविवार के लिए भुवनेश्वर का जो टिकट हादसे से ठीक पहले 6,000-7,000 रुपए का मिल रहा था, वह 12,000 से लेकर 15,000 रुपए का हो गया। एक ट्रैवल एजेंट के मुताबिक, 'भुवनेश्वर के लिए बहुत ही कम टिकट उपलब्ध है। बाकी वन-स्टॉप फ्लाइट हैं, जिनका किराया 26,000 रुपए या उससे ज्यादा है।'

विमान किराए में कई गुना उछाल
इसी तरह से विशाखापत्तनम का जो टिकट शुक्रवार शाम तक 5,000 से 6,000 रुपए तक का था, वह शनिवार को 14,000 से 16,000 रुपए का हो चुका था। रविवार के लिए डायरेक्ट फ्लाइट का किराया तो 18,000 रुपए तक का हो चुका था।
कोलकाता-हैदराबाद की फ्लाइट का किराया जो 6,000 रुपए से शुरू था, 18,000 रुपए को छूने लगा। यहां तक कि सोमवार के लिए भी एक नॉन-स्टॉप फ्लाइट का सबसे कम का टिकट 15,000 रुपए का हो गया।

Recommended Video
सोमवार तक के किराए में दिखा भारी उछाल
रविवार के लिए कोलकाता से चेन्नई के लिए कोई डायरेक्ट फ्लाइट नहीं है। जिन यात्रियों ने कोरोमंडल, चेन्नई मेल या अन्य ट्रेनों में टिकट खरीद रखा था, उन्होंने भी रविवार को विमान टिकट देखना शुरू कर दिया। रविवार के लिए वन-स्टॉप फ्लाइट का किराया 20,000 रुपए से शुरू हो रहा था। सोमवार के लिए भी किराया इससे कम की गुंजाइश नहीं दिख रही थी।
कहां हो सरकार?
सरकार को जैसे ही भनक लगी तो नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइंस कंपनियों के लिए एडवाइजरी जारी की और कहा कि ओडिशा ट्रेन हादसे की वजह से विमान किराए में 'असमान्य वृद्धि' नहीं होनी चाहिए। एयरलाइंस कंपनियों को यह भी निर्देश दिए गए कि कैंसिलेशन और फ्लाइट रीशेड्यूल करने के लिए भी कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूला जाए।

एडवाइजरी काफी है क्या?
सवाल है कि ऐसे मौकों पर क्या सरकार के लिए सिर्फ एडवाइजरी जैसे कदम पर्याप्त हैं; या फिर लूट मचाने वाली एयरलाइंस कंपनियों को कुछ सख्त हिदायत देने की आवश्यकता भी है? गौरतलब है कि हाल के महीनों में समान्य घरेलू या अंतरराष्ट्रीय विमान किराए में भी भारी इजाफा देखा जा रहा है।
उड्डयन मंत्रालय की संवेदनशीलता
वैसे उड्डयन मंत्रालय की ओर से एयरलाइंस कंपनियों से यह भी कहा गया है कि 'रेल हादसे में दूसरे राज्यों के जिन पीड़ितों की मौत हुई है, उनके शवों को लाने के लिए ओडिशा आने या बाहर जाने वाले लोगों को पूरा सहयोग करें।'












Click it and Unblock the Notifications