कोरोना वायरस: मदद के लिए बजाज ग्रुप देगा 100 करोड़ और गोदरेज 50 करोड़
नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस तेजी से फैल रहा है। रोजाना इसके मामले बढ़ते जा रहे हैं। इस बीच भारत सरकार से लेकर देश के बड़े उद्योगपति और संस्थाएं तक इस लड़ाई को सफल बनाने के लिए हर संभव कोशिश करती दिख रही हैं। देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी बजाज समूह ने कोरोना वायरस की महामारी से लड़ाई के लिए 100 करोड़ रुपये की मदद करने की घोषणा की है।
Recommended Video

बजाज समूह के प्रबंध निदेशक राजीव बजाज ने घोषणा करते हुए कहा कि इस विषम परिस्थिति में हम पूरी तरह से मदद के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी ने इसके लिए 100 करोड़ रुपये की मदद करने का वादा किया है। इसके साथ ही कंपनी ने ये भी कहा है कि सरकार और 200 से अधिक एनजीओ के जरिए देशभर में सभी तरह की मदद पहुंचाई जाएगी। साथ ही कंपनी हेल्थकेयर इन्फ्रास्ट्रक्चर को और भी बेहतर बनाने और निजी अस्पतालों में आईसीयू और अन्य सुविधाओं को मजबूत करने में मदद करेगी।
बता दें बजाज कंपनी ने पिंपरी, चिंचवाडा सहित अन्य ग्रामीण इलाकों में लोगों की मदद के लिए घोषणा की है और अपने सभी कर्मचारियों को छुट्टी भी दे दी है। इसके अलावा कंपनी ने रोज कमाकर खाने वाले प्रभावित लोगों के लिए शेल्टर और खाने की व्यवस्था की है। वहीं गोदरेज समूह ने 50 करोड़ रुपये की मदद करने की घोषणा की है। गोदरेज एंड बोये के मैनेजिंग डायरेक्टर जमशेद गोदरेज ने कर्मचारियों से ईमेल पर इस बारे में बताया।
जानकारी के लिए बता दें भारत में संक्रमित मामलों की संख्या 693 हो गई है, जबकि इस महामारी से 16 लोगों की मौत भी हुई है। कोरोना वायरस को देखते हुए देश में 21 दिनों तक लॉकडाउन है। इस दौरान जरूरत की चीजें मिलती रहेंगी, जिसके लिए तमाम राज्य सरकारें सारे इंतजाम करने में जुटी हैं।












Click it and Unblock the Notifications