भारतीय विमानन कंपनियों ने पाक में आपातकालीन लैंडिंग करने के लिए सभी पायलट को किया मना
नई दिल्ली। हाल ही में भारतीय सेना की तरफ से पकिस्तान में की गई सर्जिकल स्ट्राइक के बाद दोनों ही देशों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। इसी के चलते भारतीय विमानन कंपनियों ने पाकिस्तान के ऊपर से गुजरने वाले विमानों के पायलट से कहा है कि वे पाकिस्तान में आपातकालीन लैंडिंग करने से बचें।

सभी पायलट से कहा गया है कि जब तक आग लगने जैसी कोई बहुत ही गंभीर परेशानी ना हो, तब तक पाकिस्तान में लैंड ना करें। उनसे कहा गया है कि अगर संभव हो सके तो पाकिस्तानी एयरपोर्ट पर लैंड ना करें।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भरने वाली एक विमानन कंपनी के वरिष्ठ पायलट ने बताया कि यह निर्देश अभी तक लिखित रूप से नहीं आए हैं, सिर्फ मौखिक रूप से ही पायलट से इस बारे में कहा गया है। उन्होंने कहा कि किसी आपातकालीन स्थिति में पाकिस्तान में लैंडिंग करना हमारे लिए आखिरी रास्ता विकल्प होगा।
इस खबर की पुष्टि करते हुए एक अन्य विमानन कंपनी के वरिष्ठ कमांडर ने कहा है कि इस तरह के निर्देश पहले भी दिए जा चुके हैं। वे बोले कि जब भी पाकिस्तान के साथ हालात अधिक खराब हुए हैं तो इस तरह के निर्देश मिले हैं। वे बोले कि कंधार हाइजैकिंग, 9/11 और 26/11 के दौरान भी इस तरह के निर्देश मिले थे।
बताया जा रहा है कि निर्देश में कहा गया है कि अगर मुमकिन हो तो पाकिस्तान के किसी पड़ोसी मुल्क में आपातकालीन लैंडिंग कर लें, न कि पाकिस्तान में लैंडिंग करें।












Click it and Unblock the Notifications