अटल बिहारी वाजपयी को मिलेगा भारत रत्न सम्मान !

फिलहाल, भारत रत्न के लिए जो सबसे पहला नाम माना जा रहा है, वह है हमारे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपयी का। वाजपेयी को भारत रत्न से नवाजने की मांग तब से उठ रही है, जब वे 2004 में प्रधानमंत्री पद पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे। वहीं, भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजे जाने वाले अटल बिहारी वाजपेयी पहले नेता होगें जो कि भारतीय जनसंघ से ताल्लुक रखते हैं।
सुभाष चंद्र बोस, कांशी राम और मदनमोहन मालवीय
इसके साथ ही माना जा रहा है कि केन्द्र सरकार सुभाष चंद्र बोस, कांशी राम और मदनमोहन मालवीय को भी भारत रत्न से सम्मानित करने की घोषणा स्वतंत्रता दिवस की शाम को कर सकती है। पिछले साल नरेन्द्र मोदी ने अपने एक भाषण में कहा भी था कि,कांग्रेस ने गांधी परिवार के सदस्य, जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को तो भारत रत्न दे दिया, लेकिन भारत के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल को यह सम्मान देने में देर कर दी।
मेजर ध्यानचंद भी चर्चा में
वहीं, इनके अलावा हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद के नाम की भी चर्चा है। ध्यानचंद ने 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक में भारत को स्वर्ण पदक दिलवाया था। गौरतलब है कि, सचिन तेंदुलकर को भारत रत्न देने की घोषणा के साथ ही ध्यानचंद के नाम की चर्चा ने काफी जोर पकड़ा था। कई लोगों ने तो ध्यानचंद से पहले सचिन को भारत रत्न सम्मान दिये जाने का विरोध भी किया था।
बहरहाल, अभी न तो नाम तय हैं और न ही ये तय है कि कितने लोगों को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। लेकिन उम्मीद की जा रही है कि सम्मान पाने वालों में एक से ज्यादा हस्तियां शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications