असम में बीजेपी की जीत का असर पड़ेगा यूपी चुनावों पर?
नई दिल्ली। आज जिस तरह से विधानसभा चुनावों का जनादेश आया है उससे एक बात साबित हो गई है कि जनता अब परिवर्तन चाहती है। असम में छाया भगवा रंग संकेत देता है कि अब लोग बदलाव और विकास की चाहत रखते हैं और इस कारण उसने कांग्रेस को सिरे से नकार दिया है।
हालांकि उसकी चुनी हुई बीजेपी सरकार उसके मंसूबों और कसौटी पर कितनी खरी उतरती है ये तो आने वाला वक्त बतायेगा लेकिन इसमें कोई दो राय नहीं उसकी पसंद अब कांग्रेस नहीं है और ना ही राहुल गांधी हैं। लोकसभा चुनावों की हार के बाद लगातार राहुल गांधी और कांग्रेस का वार केवल पीएम मोदी और उनकी सरकार पर रहा है जो कि शायद जनता को पसंद नहीं आया।
उसके पास मुद्दों के रूप में आम आदमी की परेशानिया नहीं बल्कि मोदी सरकार की ओर से उठाये गये कदम थे, आरोपों के दौर में कांग्रेस जनता को ही भूल गई जो कि उसकी हार का एक बहुत बड़ा कारण है। इसमें कोई शक नहीं कि इस हार का असर आने वाले यूपी चुनावों पर भी पड़ेगा और इस कारण राहुल गांधी और कांग्रेस दोनों के लिए काफी मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। राहुल गांधी को लेकर खुले तौर पर तो नहीं लेकिन आंतरिक तौर पर उनकी ही पार्टी में काफी विरोधाभास है।
ऐसे में अगर यूपी में कांग्रेस सीएम का चेहरा क्लीयर नहीं करती है तो इसमें कोई शक नहीं कि अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही कांग्रेस को यूपी में एक बार फिर से नाकामी झेलनी पड़ेगी तो वहीं दूसरी ओर बीजेपी की जीत केवल कांग्रेस के लिए ही नहीं बल्कि सत्तासीन सपा सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकतीी है।
निसंदेह इस जीत के बाद भाजपाई काफी उत्साहित और आत्मविश्वास से भरे होंगे और मनोबल हाई लेवल का होगा और ऐसे में अगर वो मोदी के नाम पर मेहनत प्रदेश में करेंगे तो चुनावी नतीजे उनके पक्ष में हो सकते हैं।
फिलहाल असम की जीत ने कांग्रेस-सपा की परेशानी बढ़ा दी है इसमें कोई संदेह नहीं। आप क्या कहते हैं, अपनी बात जरूर नीचे के कमेंट बॉक्स में लिखे।













Click it and Unblock the Notifications