Daily Political Update: MP-छत्तीसगढ़ चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बढ़ा पारा, कांग्रेस-BJP ने झोंकी पूरी ताकत
Political Roundup of Assembly Election States: मिजोरम में वोटिंग के बाद चार राज्यों में चुनावी संग्राम जोरों पर हैं। ऐसे में 17 नवंबर को मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के दूसरे चरण के मतदान से पहले बुधवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बीजेपी और कांग्रेस ने जमकर अपनी ताकत झोंकी।
एक दिन पहले मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार खत्म करने के बाद पीएम मोदी छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में आज (15 नवंबर) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार के दौरान आक्रामक नजर आईं, जबकि छत्तीसगढ़ में पीएम मोदी ने कांग्रेस सरकार पर जमकर बरसे।

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के अलावा राजस्थान और तेलंगाना में भी सभी दल जमकर प्रचार करने में जुटे हैं। ऐसे में बुधवार (15 नवंबर) को पूरे दिन किस राज्य में क्या चुनावी हाल रहा, जानें सभी अपडेट्स जानिए एक खबर में...
मध्य प्रदेश चुनाव प्रचार का आखिरी दिन
मध्य प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर दिखाई पड़ रही है। 17 नवंबर को यहां कुल 230 सीटों पर वोटिंग होनी है। जनता को लुभाने के लिए दोनों ही पार्टियों ने जमकर घोषणाओं की है। मध्य प्रदेश में फिलहाल बीजेपी की सरकार है, जिसके शिवराज सिंह चौहाना मुख्यमंत्री हैं।
प्रियंका का सीधी में सिंधिया पर हमला: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सीधी में जनसभा को संबोधित करते हुए पार्टी छोड़कर बीजेपी में आने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विश्वासघात तो बहुत लोगों ने किया है, लेकिन इन्होंने(ज्योतिरादित्य सिंधिया) ग्वालियर और चंबल की जनता के साथ विश्वासघात किया है। आपकी पीठ में छुरा घोंपा है। बनी बनाई सरकार को गिरा दिया। वो बनी बनाई सरकार आपकी थी, आपने उस सरकार को वोट दिया था।
दतिया में प्रियंका ने शिवराज को बताया असरानी: प्रियंका गांधी वाड्रा ने दतिया में सभा को संबोधित करते हुए सीएम शिवराज पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विश्व प्रसिद्ध महान अभिनेता श्री शिवराज सिंह चौहान उर्फ मामा जी, एक्टिंग में तो अमिताभ बच्चन के कान काट लें, लेकिन जब काम की बात होती है तो फट से असरानी का रोल पकड़ लेते हैं।
शिवराज बोले कांग्रेस झूठ की दुकान: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "कांग्रेस ने झूठे वादे किए थे और कुछ लोग झूठे वादों के भ्रम में आ गए थे। जैसे कर्ज़ माफी का वादा लेकिन अब कांग्रेस को सब जान गए हैं, वे झूठ की दुकान हैं। अब कोई उनपर भरोसा नहीं करेगा। माहौल पूरी तरह से बदल गया है।"
प्रियंका गांधी को कैलाश विजयवर्गीय का पलटवार: इंदौर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के बयान पर भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर मेरा अनुभव काफी अच्छा रहा है। वे(ज्योतिरादित्य सिंधिया) काफी विनम्र स्वभाव के व्यक्ति हैं। मैंने उन्हें कार्यकर्ताओं के बीच में जमीन पर बैठकर सब्जी-पूड़ी खाते हुए देखा है। शायद कांग्रेस में रहकर उनपर प्रियंका गांधी की संगत का असर आया होगा, लेकिन हमारे यहां वह जमीनी नेता हैं।
छत्तीसगढ़ का चुनावी हाल आज दिनभर
छत्तीसगढ़ में 17 नवंबर को दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग होगी। इससे पहले पीएम मोदी सहित कई दिग्गजों ने चुनावी सभाओं को संबोधित किया। शुक्रवार को छत्तीसगढ़ की 70 सीटों पर वोटिंग होनी है।
राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ से वादा: बेमेतरा में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जनता से वादा किया कि राज्य सरकार द्वारा राज्य की सभी महिलाओं को हर साल 15,000 रुपए दिए जाएंगे।
कांग्रेस घोटालों की सरकार: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने अंबिकापुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "कांग्रेस के समय पर पनडुब्बी घोटाला, अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाला, 2G घोटाला, CWG घोटाला हुआ था कि नहीं? इन कांग्रेसियों ने न गगन में 2G और हेलीकॉप्टर छोड़ा, न पानी में पनडुब्बी छोड़ी, न पाताल में कोयला छोड़ा और न धरती पर चावल छोड़ा। तीनों लोक में घोटाला किया... "
गृह मंत्री अमित शाह की रैली: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भूपेश काका (सीएम) के राज में आए दिन माताओं बहनों के साथ अन्याय और अत्याचार होता है। हमने गारंटी दी है कि कमल की सरकार बनने पर महतारी वंदन योजना के तहत हर माता बहन को 12 हजार रुपया प्रति माह दिया जाएगा। भूपेश काका को मालूम है कि वे आने वाले नहीं हैं, इसलिए उन्होंने कुछ ज्यादा देने की घोषणा कर दी लेकिन जिनकी खुद की कोई गारंटी ना हो उसकी गारंटी को भला कौन मानेगा?
भूपेश बघेल का असम सीएम पर पलटवार: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भिलाई (दुर्ग) में मीडिया से बात करते हुए कहा कि भूपेश बघेल डरने वाला नहीं है। आपकी (हिमंत बिस्वा सरमा) तरह हम भगोड़े नहीं हैं। हम लोग डटकर सामना करते हैं। अगर हमने कुछ गलत नहीं किया तो डरने का सवाल ही नहीं बनता। भाजपा और केंद्र सरकार जो कुछ भी कर ले।
राजस्थान में चुनावी हाल
राजस्थान में 25 नवंबर को सभी 200 सीटों पर चुनाव होने जा रहे हैं। पीएम मोदी ने बुधवार को बाड़मेर में चुनावी जनसभा को संबोधित किया, जबकि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अजमेर में रोड शो निकाला।
गहलोत पर पीएम मोदी का अटैक: बाडमेर में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैं दिल्ली से जल जीवन मिशन का पैसा भेजता हूं, लेकिन ये कांग्रेस के लोग आदतन मजबूर उसमें भी कमीशन खा जाते हैं। कांग्रेस के लोग पानी जैसे पुण्य काम में भी पैसे कमाने का कारोबार करते हैं, भ्रष्टाचार करते हैं।"
पीएम मोदी ने कहा, "पूरा राजस्थान कह रहा है, जा रही है कांग्रेस आ रही है भाजपा... MP और छत्तीसगढ़ में तो कांग्रेस का डिब्बा गोल है, अब राजस्थान की बारी है। कांग्रेस साफ हो जाएगी ना? पोलिंग बूथ में साफ होगी या नहीं? साफ करने का मजा तो तब आता है जब पोलिंग बूथ में साफ करें। माताएं-बहनें जिस प्रकार दिवाली में कोने- कोने की सफाई करती हैं वैसी सफाई होनी चाहिए।"
अजमेर में सीएम का रोड शो: कांग्रेस नेता और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अजमेर में रोड शो किया। वहीं इससे पहले पीएम मोदी के बयान पर अशोक गहलोत ने कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रधानमंत्री के पद की गरिमा होती है...इसकी जितनी निंदा की जाए वह कम है..."
तेलंगाना का चुनावी हाल
तेलंगाना की 119 सीटों पर 30 नवंबर को वोटिंग होगी। इस बार तेलंगाना का रण त्रिकोणीय नजर आ रहा है। बीआरएस के साथ कांग्रेस और बीजेपी तीनों दलों के बीच कांटे की टक्कर है।
लोकसभा चुनाव पर केसीआर की भविष्यवाणी: निज़ामाबाद में बीआरएस अध्यक्ष और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव ने कहा कि आपको (लोगों को) ध्यान से सुनना होगा। आने वाले दिनों में 2024 के बाद एक दलीय शासन व्यवस्था नहीं बल्कि गठबंधन सरकार बनेगी। जब हम लोकसभा की सभी सीटों पर जीत हासिल कर लेंगे, तब हम दिल्ली में अपनी ताकत दिखा सकेंगे। इसमें राष्ट्रीय पार्टियों का नहीं बल्कि क्षेत्रीय पार्टियों का एकीकरण होगा। मैं चाहता हूं कि आप इस पर ध्यान दें।
केसीआर पर बीजेपी का हमला: हैदराबाद में तेलंगाना भाजपा प्रमुख एवं केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा, "KCR ने निजामाबाद में भाषण देते हुए कहा कि 2024 में मोदी सरकार जाएगी। KCR, 2024 की बात बाद में कीजिए, 2023 में आपकी सरकार जाने वाली है। 2024 में कौन आएगा ये भारत की जनता तय करेगी। आपका परिवार, आपकी पार्टी हारने वाली है। आप 2024 का सपना मत देखिए। "












Click it and Unblock the Notifications