VIDEO: 14 फीट के कोबरा को गले में डालकर स्टंट कर रहा था किसान, हुई एक गलती और चली गई जान
नई दिल्ली, 7 अक्टूबर: दुनिया के सबसे जहरीले जीवों की लिस्ट में किंग कोबरा को टॉप पर रखा गया है। आमतौर पर ये इंसानों से दूरी बनाकर रखते हैं, लेकिन कई बार दोनों का आमना-सामना हो ही जाता है। वैसे तो इंसान भी कोबरा से डरते हैं, जिस वजह से मारने के बजाए ज्यादातर बार उन्हें रिहायशी इलाकों से भगा दिया जाता है लेकिन अब असम से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। (वीडियो-नीचे)

14 फीट का था सांप
जानकारी के मुताबिक असम के कछार जिले के गांव में कुछ लोग खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान वहां पर उन्हें एक किंग कोबरा दिखा। जिसकी लंबाई करीब 14 फीट के आसपास थी। कोबरा के देखते ही सभी किसान खेतों से भाग गए, लेकिन रघुनंदन भूमिज नाम का शख्स वहीं पर खड़ा रहा। कुछ देर बाद वो कोबरा के पास गया और उसे पकड़ लिया।

सबके सामने करता रहा स्टंट
इसके बाद उसने 14 फीट लंबे कोबरा को गले में लपेट लिया और खेत से बाहर आ गया। फिर वो लोगों को इकट्ठा करते हुए स्टंट करने लगा। शुरुआत में उसने कोबरा का मुंह पकड़ा हुआ था, लेकिन स्टंट के दौरान उसके मुंह से पकड़ छूट गई। जिस पर तुरंत कोबरा ने हमला कर दिया। वहां पर मौजूद ग्रामीण उसके स्टंट का वीडियो बना रहे थे। हमले के तुरंत बाद वो लोग उसे लेकर अस्पताल भागे। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सांप का क्या हुआ?
घटना के बाद किसी ने कोबरा के पास जाने की हिम्मत नहीं की। साथ ही तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई। फिलहाल वन विभाग की टीम ने उसे पकड़कर जंगल में छोड़ दिया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक सांप शुरू में शांत थe, लेकिन कई बार उस शख्स ने स्टंट करते हुए उसे हमले के लिए उकसाया। इसके अलावा उसने कोबरा को गलत तरीके से भी पकड़ रखा था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। साथ ही वन विभाग ने लोगों से ऐसा नहीं करने की अपील की है।

30 मिनट में खेल खत्म
किंग कोबरा दक्षिणी एशिया और दक्षिण पूर्वी एशिया में ज्यादा पाया जाता है। ये सांपों की प्रजाति में सबसे जहरीला है। साथ ही इसकी लंबाई भी अन्य सांपों की तुलना में काफी ज्यादा होती है। खतरे को देखते हुए ये गुर्राता है, फिर अपने फन फैलाकर दुश्मन को चेतावनी देता है। जब भी ये किसी जीव या इंसान को काटता है, तो उसको बेहाशी, आंखों में धुंधलापन, लकवा जैसे लक्षण दिखते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक ये सांप 30 मिनट में इंसानों को मौत की नींद सुला सकता है।

रूस में भी ऐसी घटना
कुछ दिनों पहले रूस में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। वहां पर अस्त्रखान (Astrakhan) क्षेत्र में तरबूत के खेत में सांप मिला। तभी 55 साल का खेतिहर मजदूर वहां पर पहुंचा और उसने सांप को उठा लिया। सांप देखने में तो छोटा था, लेकिन वो जहरीली प्रजाति का है। कुछ देर तक वो उसे हाथ में लेकर स्टंट करता रहा और उसे मुंह में जिंदा डाल दिया। दो बार तो वो बच गया, लेकिन तीसरी बार सांप ने जीभ पर काट लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications