महिला पुलिस अफसर को पता चला मंगेतर है ठग, खुद किया गिरफ्तार, भेज दिया जेल
गुवाहाटी, 5 मई: असम के नागांव जिला पुलिस में एक शख्स को धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। राणा पोगाग नाम के शख्स को पुलिस ने ठगी के आरोप में पकड़ा है और उसके पास से ओएनजीसी की 11 फर्जी मुहरें और फर्जी पहचान पत्र समेत कई दस्तावेज जब्त किए हैं। इस मामले में खास बात ये है कि राणा पोगाग को महिला पुलिस अफसर जुनमोनी राभा ने गिरफ्तार किया है जो कि राणा की मंगेतर हैं।

राणा तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) में नौकरी दिलाने का झांसा देकर कई लोगों को ठग चुका था। पोगाग ने झूठा दावा किया था कि वह असम में ओएनजीसी के साथ काम कर रहा है। कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर वह लोगों से पैसे मांगता था। पुलिस के मुताबिक पोगाग ने कथित तौर पर लोगों से करोड़ों रुपये ठगे।
राणा पोगाग की मुलाकात नागांव जिले में तैनात सब-इंस्पेक्टर जुनमोनी राभा से हुई तो उसने खुद को एक जनसंपर्क अधिकारी बताया। दोस्ती होने के बाद दोनों ने पिछले साल अक्टूबर में सगाई कर ली और शादी की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच राभा को अहसास हुआ कि उसका मंगेतर ठग है तो उन्होंने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई और गिरफ्तारी भी की। राभा ने बताया कि तीन लोग उनके पास आए थे, जिन्होंने राणा के बारे में जानकारी दी। जब मामले की जांच की गई तो हमने पाया कि वो एक बड़ा ठग है। हमने कार्रवाई करते हुए उसको गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications