Assam Karbi Anglong Violence: जमीन के टुकड़े के लिए सुलग गया कार्बी आंगलोंग, 5 प्वाइंट में समझें विवाद की जड़
Assam Karbi Anglong Violence: असम के कार्बी आंगलोंग में मंगलवार को जमीन को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। जमीन खाली कराए जाने के विरोध में कुछ स्थानीय लोग प्रदर्शन कर रहे थे। देखते ही देखते यह प्रदर्शन हिंसक हो गया और इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। खेरोनी, डोंगकामोकाम और आसपास के इलाकों में हिंसा फैल गई है। उपद्रवियों ने घरों, दुकानों और सार्वजनिक संपत्तियों को आग के हवाले कर दिया।
स्थिति बिगड़ने के बाद प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों के प्रसार को रोकने के लिए कार्बी आंगलोंग और पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिलों में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। हालांकि, वॉयस कॉल और फिक्स्ड-लाइन ब्रॉडबैंड सेवाएं चालू रखी गई हैं। समझें इस बवाल की पूरी वजह।

Assam Karbi Anglong Violence: अतिक्रमण तोड़ने पर मचा बवाल
- असम के कार्बी आंगलोंग में यह विवाद विलेज ग्रेजिंग रिजर्व (VGR) और प्रोफेशनल ग्रेजिंग रिजर्व (PGR) की जमीन पर अतिक्रमण हटाने को लेकर है।
- ये भूमि संविधान की छठी अनुसूची के तहत आदिवासी समुदायों के अधिकारों की रक्षा के लिए सुरक्षित मानी जाती है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 7,184 एकड़ से अधिक संरक्षित जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है।
- इसके विरोध में भूख हड़ताल पर कुछ आंदोलनकारी बैठ गए। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर जा रही थी, लेकिन ऐसी अफवाह फैल गई कि उन्हें हिरासत में लिया गया है। इसके बाद भीड़ बेकाबू हो गई और हिंसा भड़क गई।
- सोमवार को कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद (KAAC) प्रमुख तुलिराम रोंगहांग के पैतृक आवास को भी आग के हवाले कर दिया गया। मंगलवार को भी कई इलाकों में हिंसक वारदात हुई।
- पुलिस के मुताबिक, खेरोनी और डोंगकामोकाम क्षेत्रों में प्रदर्शनकारियों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़पें हुईं। इन झड़पों में कम से कम 45 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 38 पुलिसकर्मी शामिल हैं।
Karbi Anglong Violence News: पुलिस ने किया लाठी चार्ज
पुलिस ने बताया कि हालात काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा। प्रशासन ने भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी है। इसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, रैलियों, जुलूसों और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है। साथ ही शाम 5 बजे से सुबह 6 बजे तक आवाजाही पर भी प्रतिबंध है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हालात पर नजर रखने और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications