महाराष्ट्र-झारखंड चुनाव के नतीजों से पहले ही अशोक गहलोत का बड़ा बयान
महाराष्ट्र और झारखंड के चुनाव नतीजे आने से पहले ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने भरोसा जताया है कि दोनों ही प्रदेशों में इंडिया गठबंधन को बहुमत मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन ने एक साथ मिलकर इस चुनाव को लड़ा है और हवा हमारे पक्ष में है।
गहलोत ने एग्जिट पोल के अनुमान को खारिज करते हुए कहा कि दोनों ही प्रदेश में इंडिया गठबंधन की जीत होगी। बता दें कि एग्जिट पोल दोनों ही राज्यों में भाजपा-एनडीए की जीत बता रहे हैं।

अशोक गहलोत ने कहा कि अगर एग्जिट पोल हमारे खिलाफ बोलते हैं तो हरियाणा में वो हमारे पक्ष में थे। जब नतीजे आना शुरू होंगे तो हम देखेंगे यह किस ओर जाते हैं।
हमें पूरा भरोसा है कि लोगों ने इंडिया गठबंधन को अपना आशीर्वाद दिया है। इंडिया गठबंधन ने इस चुनाव को एक साथ मिलकर लड़ा है और हवा हमारे पक्ष में है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारा मकसद लोकतंत्र में सद्भाव को बनाए रखना होता है, लेकिन जो पार्टी सत्ता में है वह ध्रुवीकरण करती है। ये लोग अशांति का माहौल चाहते हैं।
बता दें कि चुनाव संपन्न होने के साथ ही अब हर किसी की नजर मतगणना पर है, जोकि आज सुबह 8 बजे शुरू हो गई है। इन चुनावों के नतीजों के साथ-साथ कई राज्यों में हुए उपचुनावों के नतीजों का भी बेसब्री से इंतजार है। उपचुनाव अपने आप में एक युद्ध का मैदान थे, जिसमें 15 राज्यों की 48 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों पर चुनाव हुए। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने केरल के वायनाड से चुनावी शुरुआत की।
झारखंड में पहले चरण के मतदान में 81 विधानसभा सीटों में से 43 सीटों पर मतदान हुआ। यहां, इंडिया ब्लॉक के घटक दलों में जेएमएम ने 43 सीटों पर, कांग्रेस ने 30 सीटों पर, आरजेडी ने छह सीटों पर और सीपीआई (एमएल) ने चार सीटों पर चुनाव लड़ा। भाजपा ने 68 सीटों पर, आजसू ने 10 सीटों पर, जेडी (यू) ने दो सीटों पर और एलजेपी ने एक सीट पर चुनाव लड़ा। पिछले विधानसभा चुनाव को देखें तो झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 30 सीटें, भाजपा ने 25 सीटों पर और कांग्रेस ने 16 सीटों पर जीत हासिल की थी।












Click it and Unblock the Notifications