एलजी ने दिल्ली के अस्पतालों में बाहर के लोगों को इलाज की इजाजत देकर बड़ी समस्या खड़ी की: केजरीवाल
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के अस्पतालों को सिर्फ राजधानी के ही लोगों के इलाज कराने के लिए रिजर्व करने के फैसले को उपराज्यपाल अनिल बैजल ने पलट दिया है। एलजी ने इस संबंध में एक आदेश जारी किया है। नए आदेश के तहत दिल्ली के सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में अब दूसरे राज्यों के लोग भी इलाज करा सकेंगे। इस पर सीएम अरविंद केजरीवाल और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। आप नेताओं ने कहा है कि एलजी ने भाजपा के दबाव में ऐसा किया है और इससे समस्या खड़ी हो जाएगी।

अरविंद केजरीवाल ने इस पर कहा, एलजी साहिब के आदेश ने दिल्ली के लोगों के लिए बहुत बड़ी समस्या और चुनौती पैदा कर दी है। देशभर से आने वाले लोगों के लिए करोना महामारी के दौरान इलाज का इंतजाम करना बड़ी चुनौती है। शायद भगवान की मर्ज़ी है कि हम पूरे देश के लोगों की सेवा करें।हम सबके इलाज का इंतजाम करने की कोशिश करेंगे।
डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने इस पर कहा है कि भाजपा के दबाव में एलजी ने सरकार का फैसला बदला है। सिसोदिया ने कहा कि भाजपा ने एलजी पर दवाब डालकर घटिया राजनीति कर रही है। दिल्ली सरकार सोच समझकर और ईमानदारी से इस डिजास्टर को मैनेज करने की कोशिश कर रही है लेकिन भाजपा से यह देखा नहीं जा रहा है।
हाल ही में दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने एक फैसला लिया था। जिसमें कहा गया था कि कोरोना संकट को देखते हुए दिल्ली के सभी सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में सिर्फ दिल्ली के लोगों का ही इलाज होगा। इस फैसल को सोमवार को दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने पलटते हुए आदेश जारी किया है कि राजधानी के अस्पतालों में दिल्ली से बाहर के लोगों को इलाज के लिए मना नहीं किय जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications