'मौकापरस्त हैं किरण और केजरीवाल, दोनों ने ही अन्ना का इस्तेमाल किया'
नई दिल्ली। किरण बेदी के बीजेपी में शामिल होने से जहां दिल्ली के चुनाव में एक रोचक मोड़ आ गया है वहीं दूसरी ओर कांग्रेस को भी अब बीजेपी और आप पर हमला बोलने के लिए एक नया मसाला मिल गया है। अजय माकन की अगुवाई में कांग्रेस दिल्ली का चुनाव लड़ने जा रही है। सदर बाजार चुनावी क्षेत्र से चुनाव लड़ने जा रहे अजय माकन ने किरण बेदी और अरविंद केजरीवाल को मौका परस्त करार दिया।

अजय माकन ने कहा कि दोनों नेताओं ने भ्रष्टाचार विरोधी अन्ना हजारे का इस्तेमाल अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए किया जब वहां दोनों को सफलता नहीं मिली तो दोनों ने अपना असली चेहरा दिखाते हुए राजनीतिक जामा पहन लिया। अचरज की बात है कि जिस राजनीति को कल वो गंदा कहते थे आज वहीं खड़े हैं।
माकन ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "किरण-केजरीवाल ने घोषणा की थी कि वे कभी भी चुनावी राजनीति में शामिल नहीं होंगे, लेकिन उन्होंने भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन का इस्तेमाल अपनी महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए किया।"
किरण-केजरीवाल ने घोषणा की थी कि वे कभी भी चुनावी राजनीति में शामिल नहीं होंगे
कांग्रेस महासचिव माकन ने कहा कि केजरीवाल अपने उन वादों से मुकर गए, जिसमें उन्होंने चुनाव जीतने पर आम आदमी की तरह जीवन व्यतीत करने, नीली बत्ती वाली सरकारी कार का इस्तेमाल नहीं करने, सुरक्षाकर्मी नहीं लेने या बड़ा सरकारी बंगला नहीं लेने की बात कही थी। वर्ष 2013 में मुख्यमंत्री बनने के बाद केजरीवाल ने न सिर्फ बत्ती लगी कार ली, बल्कि आठ कमरों वाले बड़े सरकारी आवासों की भी मांग की।
माकन ने कहा कि केजरीवाल ने कहा था कि वह स्वराज में विश्वास करते हैं और कुछ भी करने से पहले जनता की सहमति लेंगे, लेकिन उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ने की अपनी महत्वाकांक्षा की पूर्ति के लिए जब दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था, तब क्या वह इस पर सहमति के लिए जनता के पास गए थे?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगले सप्ताह केजरीवाल की वादाखिलाफी को लेकर एक पुस्तिका जारी करेगी। माकन ने कहा कि पुस्तिका केजरीवाल और उनकी पार्टी को बेनकाब करेगी, उन्हें यू-टर्न लेने वाले नेता के रूप में सामने लाएगी और उनके 49 दिनों के शासन को दिल्ली के लोगों के लिए दुख की कहानी से परिचित कराएगी।












Click it and Unblock the Notifications