टीम इंडिया की जीत पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दी बधाई, बोले- जीत का सिलसिला बनाए रखिए
विश्वकप में इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया की जबरदस्त जीत पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बधाई दी है। टीम इंडिया को जीत की बधाई देते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि विश्वकप में इंग्लैंड के खिलाफ 100 रनों से जबरदस्त जीत बताती है कि भारतीय टीम जबरदस्त फॉर्म में है। इस जीत के सिलसिले को बनाएं रखें, आप सभी को इस जबरदस्त जीत की बधाई।
बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 229 रन का स्कोर खड़ा किया। लेकिन इंग्लैंड की पूरी टीम 129 रन के स्कोर पर सिमट गई। टीम इंडिया ने विश्वकप में लगातार छठी जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ टीम इंडिया अंक तालिका में पहले पायदान पर पहुंच गई है। अभी तक विश्वकप में भारतीय टीम को कोई भी टीम हरा नहीं सकी है।

टीम इंडिया की बल्लेबाजी की बात करें तो टीम की शुरुआत अच्छी नहीं हुई। शुभमन गिल सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए, विराट कोहली खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए। श्रेयस अय्यर 4 रन के स्कोर पर अपना विकेट दे बैठे। लेकिन दूसरे छोर पर कप्तान रोहित शर्मा डटे रहे और उन्होंने 87 रनों की जबरदस्त पारी खेली। उनका साथ केएल राहुल ने 39 रनों की पारी खेलकर दिया। वहीं सूर्यकुमार यादव ने 49 रन बनाएं।
230 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम को जॉनी बेयरस्टो और डेविड मलान ने तेज शुरुआत दी, दोनों ने काफी तेजी से 30 रन बना डालें। लेकिन इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गई और 52 रन के स्कोर पर आधी टीम पवेलियन लौट गई। जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट अपने नाम किए, जबकि मोहम्मद शमी ने 4 विकेट झटके। वहीं कुलदीप यादव ने 2 और रवींद्र जडेजा ने एक विकेट झटका।
इंग्लैंड के खिलाफ जीत के बाद अब भारतीय टीम विश्वकप के सेमीफाइनल से सिर्फ एक कदम दूर है। टीम इंडिया का अगला मुकाबला श्रीलंका से है। यह मैच 2 नवंबर को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। ऐसे में अगर भारतीय टीम इस मैच में जीत दर्ज करती है तो सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications