Arvind Kejriwal News: 50 दिन बाद तिहाड़ जेल से बाहर निकलते ही क्या बोले अरविंद केजरीवाल?
Arvind Kejriwal Interim Bail: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल 50 दिनों बाद जेल से बाहर निकल आए हैं। जेल से छूटते ही उन्होंने कहा है कि 'देश को तानाशाही' से बचाना है।
सुप्रीम कोर्ट से 1 जून तक की अंतरिम जमानत मिलने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार शाम तिहाड़ जेल से बाहर निकल आए हैं। उन्होंने आते ही केंद्र में सत्ताधारी बीजेपी सरकार पर हमला बोल दिया है।

"मैंने कहा था न, जल्दी आऊंगा।"
उन्होंने जेल से बाहर आने के बाद अपनी पहली सार्वजनिक टिप्पणी में सुप्रीम कोर्ट के सभी जजों को धन्यवाद दिया है और कहा है कि 'देश को तानाशाही से बचाना है'। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा है कि "मैंने कहा था न, जल्दी आऊंगा।"
हमें देश को तानाशाही से बचाना है-केजरीवाल
दिल्ली के सीएम ने कहा, 'मैं सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं...आपने मुझे आशीर्वाद दिया है। मैं सुप्रीम कोर्ट के जजों को धन्यवाद देना चाहता हूं, उन्हीं की वजह से मैं आज आपके सामने हूं। हमें देश को तानाशाही से बचाना है।'
सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव प्रचार के लिए 1 जून तक दी है अंतरिम जमानत
दिल्ली की शराब नीति घोटाले में सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को ही चुनाव प्रचार के लिए उन्हें 1 जून तक के लिए अंतरिम जमानत दी है और उन्हें 2 जून को फिर से प्रवर्तन निदेशालय के सामने सरेंडर करना है। अदालत से उन्हें सिर्फ चुनाव प्रचार के लिए अंतरिम जमानत मिली है।
जेल से बाहर आते ही वह चुनाव प्रचार के मूड में आ गए हैं और कहा है कि वे 'तानाशाही' के खिलाफ लड़ रहे हैं और 140 करोड़ लोगों की लड़ाई लड़नी होगी। उनका कहना है कि 'तानाशाही' के खिलाफ उनका संघर्ष जारी रहेगा।
शनिवार सुबह 11 बजे वह दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर जाएंगे। दोपहर 1 बजे वह प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इससे पहले तिहाड़ जेल के गेट नंबर-4 पर उनके स्वागत के लिए आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी थी। वहां पार्टी की नेता आतिशी और सौरभ भारद्वाज भी मौजूद थे। यही नहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी उन्हें रिसीव करने के लिए पहुंचे थे।












Click it and Unblock the Notifications