चंदा कोचर के खिलाफ एफआईआर पर भड़के जेटली, बोले- लक्ष्य से भटक रही है सीबीआई
नई दिल्ली। वित्तमंत्री अरुण जेटली ने आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व-सीईओ चंदा कोचर से जुड़े वीडियोकॉन लोन केस से एफआईआर दर्ज करने पर सीबीआई की आलोचना की है। वित्तमंत्री ने कहा है कि सीबीआई पेशेवर तरीके से जांच करने के बजाय लक्ष्य से भटक रही है और इन्वेस्टिगेटिव एडवेंचर कर रही है। गुरुवार को सीबीआई ने आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व प्रमुख चंदा कोचर, उनके पति दीपक कोचर, वीडियोकॉन के एमडी वेणुगोपाल धूत के खिलाफ लोन से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में एफआईआर की है। जिसके एक दिन बाद शुक्रवार को जेटली ने जांच एजेंसी के कामकाज के तरीके से नाराजगी जाहिर की है।

अमेरिका में इलाज करा रहे जेटली ने शुक्रवार शाम को एक के बाद एक कई ट्वीट कर इस मामले पर अपना पक्ष रखा। जेटली ने कहा, पेशेवर तौर तरीकों से जांच और जांच के दुस्साहस में बड़ा फर्क है। आईसीआईसीआई मामले को देखकर लग रहा है कि एजेंसी लक्ष्य पर ध्यान देने के बजाय एक दूसरा ही रास्ता चुन रही है। हम बैंकिंग उद्योग से हर किसी को बिना सबूत के जांच में शामिल करने लगेंगे तो हम इससे क्या हासिल करेंगे बल्कि नुकसान ही उठाएंगे। जेटली ने कहा कि भारत में दोषियों को सजा मिलने की बेहद दर का बहुत खराब होने की एक वजह पेशेवर रवैये पर दुस्साहस और प्रशंसा पाने की आदत का प्रभावी हो जाना भी है।
2012 में आईसीआईसीआई बैंक से वीडियोकॉन ग्रुप को दिए गए 3,250 करोड़ रुपये के लोन मामले में सीबीआई ने एफआईआर में चंदा कोचर, उनके पति दीपक कोचर और वीडियोकॉन के एमडी वेणुगोपाल धूत के नाम शामिल किए हैं। वहीं सीबीआई आईसीआईसीआई बैंक के मौजूदा एमडी-सीईओ संदीप बख्शी और न्यू डेवलपेंट बैंक ऑफ ब्रिक्स के प्रमुख केवी कामथ समेत कई पूर्व और मौजूदा कर्मचारियों की भी जांच करेगी। गुरुवार को एफआईआर के बाद जांच एजेंसी ने महाराष्ट्र में वीडियोकॉन और न्यूपावर के कई ठिकानों पर रेड भी की थी।












Click it and Unblock the Notifications