बुलेट ट्रेन को हिंदी में क्या कहते हैं, इस सवाल पर गुस्सा गए अरुण जेटली
नई दिल्ली। वित्त मंत्री अरुण जेटली प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस वक्त गुस्से में आ गए जब एक शख्स ने उनसे बुलेट ट्रेन की हिंदी पूछ दिया। वो भी एक बार नहीं बल्कि दो बार। इस सवाल पर जेटली नाराज हो गए और उन्होंने उस शख्स को थोड़ा गंभीरता दिखाने की सलाह दी। दरअसल हुआ यह कि अरुण जेटली प्रेस कॉन्फ्रेंस में बुलेट ट्रेन का जिक्र कर रहे थे। वो बता रहे थे कि किस तरह बुलेट ट्रेन पर आधी अधूरी जानकारियों से भरी बहसें चल रही हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनसे पूछा कि 'जेटली जी, बुलेट ट्रेन को हिंदी में क्या कहेंगे?'

उसने कहा कि 'आप सिर्फ अंग्रेजी में बता रहे हैं, जरा हिंदी में भी बता दीजिए।' अचानक इस सवाल से जेटली गुस्सा गए और उन्होंने सवाल पूछने वाले व्यक्ति से गंभीर बहस के दौरान 'संजीदा' रहने को कहा। वित्तमंत्री ने कहा कि उन्होंने उस व्यक्ति को पहले भी नोटिस किया था, और उसे गंभीरता दिखाने की कोशिश करनी चाहिए।
गौरतलब है कि देश में 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है और इसके बाद कई सरकारी दफ्तरों में हिंदी सप्ताह या फिर हिंदी पखवाड़े का आयोजन होता है। अभी भी देशभर में कई सरकारी दफ्तरों में हिंदी पखवाडा मनाया जा रहा है, ऐसे में वित्तमंत्री के बुलेट ट्रेन के भाषण के समय उनसे बुलेट ट्रेन की हिंदी पूछ ली गई। भाषण के दौरान बुलेट ट्रेन की हिंदी पूछे जाने को अशिष्टाचार के तौर पर देखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications