कैंसर से जूझ रही कलाकार Anjum Singh का निधन, 53 साल की उम्र में छोड़ी दुनिया
नई दिल्ली। प्रख्यात समकालीन भारतीय कलाकार अंजुम सिंह का मंगलवार को निधन हो गया है। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं। इस बात की जानकारी कला संग्रहकर्ता किरन नादर म्यूजियम ऑफ आर्ट ने दी है। अंजुम की उम्र 53 साल थी। नादर ने पीटीआई को बताया, 'अंजुम सिंह एक बहुत ही अच्छी कलाकार थीं, वह लंबे समय तक लेकिन बहादुरी से कैंसर से लड़ीं।' वह जाने माने कलाकार अर्पिता और परमजीत सिंह की बेटी थीं, जिससे उन्हें विरासत में ही कला का वरदान मिला।

उन्होंने शांतिनिकेतन के कला भवन से फाइन आर्ट्स में ग्रेजुएशन की। इसके बाद उन्होंने नई दिल्ली में कॉलेज ऑफ आर्ट से मास्टर्स की। अंजुम का आखिरी शो 'आई एम स्टिल हेयर' था, जो बीते साल यहां तलवाद गैलरी में हुआ था। उन्होंने अपने चित्रों के माध्यम से कैंसर के साथ जीने की अपनी यात्रा को दर्शाया था, उन्हें पहली बार साल 2014 में अपनी कैंसर की बीमारी का पता चला था। दिल्ली स्थित गैलरी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'आज अंजुम ने कैंसर से साढ़े छह साल की साहसी लड़ाई के बाद हमें छोड़ दिया है। उनके जाने से एक शून्यता आई है, जो हमेशा रहेगी, लेकिन उनकी कला, उनकी मुस्कुराहट और लड़ने की दृढ़ता हमारे दिलों में रहेगी।'
क्यूरेटर रंजीत होसकेटे ने ट्वीट कर कहा, 'मुझे अंजुम सिंह के 53 साल की उम्र में गुजर जाने की खबर से गहरा दुख हुआ है, भला ये भी जाने की कोई उम्र है। उन्होंने छह साल तक कैंसर से लड़ाई लड़ी, एक साल पहले आयोजित उनकी अंतिम प्रदर्शनी का शीर्षक था, 'आई एम स्टिल हेयर'। अंजुम की आत्मा को शांति मिले।' केएनएमए फाउंडर ने कहा, 'पिछले साल की उनकी प्रदर्शनी जिसका शीर्षक है 'आई एम स्टिल हेयर' (मैं अभी भी यहां हूं) बीते कुछ वर्षों की बीमारी के साथ जूझते हुए उनके कार्यों की एक व्यक्तिगत और भावुक झलक थी। हमारी संवेदना उनके पूरे परिवार के साथ हैं, वह अपने काम के माध्यम से जीवित रहेंगी।'












Click it and Unblock the Notifications