Article 370: अपनों के ही निशाने पर दिग्गी राजा, भाई की कश्मीरी पत्नी ने कहा-'ये दुर्भाग्य है...'
नई दिल्ली, 15 जून। दिग्गज कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह इन दिनों आर्टिकल 370 पर अपने दिए गए विवादित बयान की वजह से भाजपा के निशाने पर हैं तो वहीं अब उन्हें अपने ही घर में विरोध का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल अब दिग्विजय सिंह के बयान का विरोध उनके छोटे भाई लक्ष्मण सिंह की पत्नी रुबीना शर्मा सिंह ने किया है, जो कि खुद एक कश्मीरी पंडित हैं।

'कश्मीरी पंडितों के बारे में बोले गए शब्द दुर्भाग्यपूर्ण हैं'
उन्होंने Twitter पर लिखा है कि 'कश्मीरी पंडितों और आरक्षण के बारे में बोले गए शब्द बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण हैं और उससे भी बुरा दुर्भाग्य ये है कि यह सब बार्डर पार के एक पत्रकार से कहा गया है। एक ऐसा राष्ट्र जिसने हमें सुख-चैन से रहने नहीं दिया। मानो हमने पर्याप्त कष्ट नहीं उठाया हो। हानिकारक और अनावश्यक।' बता दें कि रूबीना सिंह कश्मीरी पंडित हैं और कैंसर पीड़ितों की काउंसलिंग का काम करती हैं।
Recommended Video

अपनों के ही निशाने पर दिग्गी राजा,बेटा-भाई असहमत
केवल रूबीना ही नहीं बल्कि खुद दिग्विजय के बेटे विधायक जयवर्धन सिंह और उनके छोटे भाई लक्ष्मण सिंह भी दिग्गी राजा के बयान से सहमत नहीं दिखते हैं क्योंकि उनके बेटे ने ट्विटर पर लिखा है कि 'अगला चुनाव आर्टिकल 370 पर नहीं बल्कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और कोरोना के कारण देश में जो तबाही हुई है, इन मुद्दों पर लड़ा जाएगा।' जबकि लक्ष्मण सिंह ने कहा कि 'अब कश्मीर में दोबारा धारा 370 लागू करना असंभव है।'

कौन है रुबीना शर्मा सिंह
आपको बता दें कि रुबीना शर्मा सिंह विधायक लक्ष्मण सिंह की दूसरी पत्नी हैं। दिग्विजय के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह ने अपनी पत्नी के निधन के बाद साल 2002 में रूबीना शर्मा से शादी रचाई थी। जिस वक्त लक्ष्मण सिंह ने रूबीना से विवाह करने की बात कही थी, उस वक्त दिग्विजय सिंह ही सबसे ज्यादा इस शादी के खिलाफ थे, इसकी दो वजहें थीं। पहली रूबीना राजपूत नहीं हैं और दूसरी रूबीना उम्र में लक्ष्मण सिंह से करीब 30 साल छोटी हैं।

दिग्वविजय सिंह ने किया था लक्ष्मण-रूबीना की शादी का विरोध
हालांकि इस बात का खुलासा तब हुआ जब खुद दिग्वविजय सिंह ने 24 साल छोटी टीवी पत्रकार अमृता राय से शादी करने का ऐलान किया था। तब रूबीना ने एक अंग्रेजी अखबार से बात करते हुए अपनी आपबीती के बारे में बताया था। बता दें कि दिग्विजय सिंह ने अपनी पहली पत्नी आशा सिंह के निधन के बाद टीवी पत्रकार अमृता राय से शादी रचाई है। आशा सिंह को कैंसर था।

रूबीना शर्मा मूलरूप से श्रीनगर की रहने वाली हैं
आपको बता दें कि रूबीना शर्मा मूलरूप से श्रीनगर की रहने वाली हैं। लक्ष्मण सिंह की पत्नी जागृति भी कैंसर से पीड़ित थीं। उस वक्त इलाज के दौरान ही रूबीना कैंसर काउंसलर के रूप में लक्ष्मण सिंह और जागृति के संपर्क में आई थीं। 5-6 साल लगातार इलाज के बाद भी जागृति सिंह को बचाया नहीं जा सका था। उनके निधन के कुछ वक्त बाद ही लक्ष्मण सिंह ने रूबीना के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था। बतौर रूबीना वो लक्ष्मण सिंह की उस सेवा भाव से प्रभावित थीं, जो उन्होंने जागृति के लिए किया था।

क्या कहा है दिग्विजय सिंह ने?
दरअसल बीजेपी आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने जो ऑडियो क्लिप जारी की है, उसमें दिग्विजय सिंह पाकिस्तान के पत्रकार शाहजेब जिलानी को जवाब दे रहे थे। सवाल-जवाब के दौरान दिग्गी राजा कहते हैं कि 'कश्मीर में लोकतंत्र नहीं था और आर्टिकल 370 को रद्द करने से पहले सबको नजर बंद कर दिया गया। कश्मीर में आरक्षण कश्मीरी पंडितों को दिया गया था, इसलिए अनुच्छेद 370 को रद्द करने और जम्मू-कश्मीर के राज्य का दर्जा कम करना एक गलत निर्णय है, अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो इस फैसले पर फिर से विचार किया जाएगा।'












Click it and Unblock the Notifications