अरुणाचल प्रदेश में सेना के जवानों ने दो ग्रामीणों को 'गलती से' मारी गोली
अरुणाचल प्रदेश में सेना ने गलती से दो स्थानीय लोगों को गोली मार दी। सेना के सूत्रों के हवाले से पीटीआई ने खबर दी कि यह घटना चासा गांव में घटी।
ईटानगर, 2 अप्रैल। अरुणाचल प्रदेश में सेना ने गलती से दो स्थानीय लोगों को गोली मार दी। सेना के सूत्रों के हवाले से पीटीआई ने खबर दी कि यह घटना चासा गांव में घटी। दोनों लोगों की पहचान नोकफ्या वांगदान (28) और रामवांग वांगसू (23) के रूप में हुई है। जिस दौरान यह घटना घटी उस वक्त दोनों नदी में मछली पकड़कर घर लौट रहे थे। सेना के सूत्रों ने कहा क यह गलत पहचान का मामला है।

दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि घायलों में से एक के हाथ में जबकि दूसरे के पैर के अंगूठे में गोली लगी। एएमसीएच के अधीक्षक डॉ. प्रशांत दिहिंगिया ने कहा कि दोनों फिलहाल खतरे से बाहर हैं। घायलों के साथ अस्पताल पहुंचे एक ग्रामीण ने संवाददाताओं को बताया कि सेना के जवानों ने दोनों पर गोलियां चलाईं।
यह भी पढ़ें: कोरोना को लेकर बोलीं ICMR-NIV डायरेक्टर, अभी बेफिक्र हो जाने का वक्त नहीं आया
ग्रामीण ने कहा ये दोनों अनाथ हैं। अब एक का हाथ जख्मी है और दूसरे का पैर जख्मी है। सरकार को दोनों के लिए कुछ करना चाहिए। तिरप जिला इकाई के भाजपा अध्यक्ष कामरंग टेसिया ने कहा कि स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय बिना उचित खुफिया जानकारी के सुरक्षा बलों की मूर्खतापूर्ण कार्रवाई उनकी विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा रही है। बता दें कि केंद्र सरकार ने अरुणाचल प्रदेश के तीन जिलों में सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम (AFSPA) के दायरे को बढ़ा दिया है जबकि असम, नागालैंड और मणिपुर के कुछ हिस्सों से इसे हटा दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications