पठानकोट में ट्रेनिंग के दौरान एक जवान मौत, भीषण गर्मी की वजह से 34 सैनिक अस्पताल में भर्ती
नई दिल्ली, 21 अगस्त: भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे पंजाब के पठानकोट जिले में शनिवार को सेना की ट्रेनिंग के दौरान बड़ी घटना हुई। जिसमें एक जवान की मौत हो गई, जबकि कई बीमार बताए जा रहे हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूत्रों के मुताबिक उसमें से 4 जवानों की हालत गंभीर बनी हुई है। ये पूरी घटना इलाके में पड़ रही भीषण गर्मी की वजह से हुई है।

इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से बताया कि शनिवार सुबह गर्म और आर्द्र परिस्थितियों में 9 कोर रेकी ट्रूप की ट्रेनिंग का आयोजन किया गया। जिसमें भीषण गर्मी की वजह से 34 जवान बेहोश होकर गिर गए। जिन्हें तुरंत पठानकोट स्थित सैन्य अस्पताल पहुंचा गया। इसमें से एक जवान का निधन हो गया है। हालांकि भारतीय सेना की ओर से अभी इस बारे में कोई अधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है।
रिपोर्ट में आगे बताया गया कि सहनशक्ति टेस्ट 72 घंटों से चल रहा था। शनिवार को मौसम बहुत गर्म था, उसी बीच जवानों ने भारी वजन और हथियार के साथ 10 किलोमीटर की दौड़ लगाई। काफी देर बाद जवानों की तबीयत बिगड़ने लगी। मामले में सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि निगरानी ट्रेनिंग प्रोग्राम में मौसम की वजह से एक जवान का निधन हुआ है, जबकि कुछ अन्य जवानों को स्वास्थ्य संबंधि दिक्कतें हुई हैं। सभी को भारतीय सेना की ओर से जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications